Bihar News: बिहार की नीतीश कुमार सरकार विधानसभा चुनावों से पहले लोक कल्याणकारी योजनाओं की झड़ी लगा रही है। योजनाओं के जरिए समाज के हर वर्ग तक पहुंचने की कोशिश में नीतीश सरकार ने आज बेरोजगारी भत्ते का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री नतीश कुमार ने ही इसकी जानकारी सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म एक्स पर दी है। उन्होंने कहा कि स्नातक (Graduation) पास बेरोजगार युवक और युवतियों को हर महीने 1,000 रुपये का भत्ता दिया जाएगा।
सीएम नीतीश ने बेरोजगारी भत्ते का किया ऐलान
नीतीश कुमार ने एक एक्स पोस्ट में कहा, 'मुझे बताते हुए प्रसन्नता हो रही है कि राज्य सरकार के सात निश्चय कार्यक्रम अन्तर्गत पूर्व से संचालित मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना का विस्तार किया गया है। इसके अन्तर्गत इंटर उत्तीर्ण युवक/युवतियों को पहले से दी जा रही स्वयं सहायता भत्ता योजना का लाभ अब कला, विज्ञान एवं वाणिज्य उत्तीर्ण स्नातक बेरोजगार युवक-युवतियों को भी दिए जाने का निर्णय लिया गया है।'
25 वर्ष की उम्र तक मिलेगा बेरोजगारी भत्ता
मुख्यमंत्री ने आगे बताया, '20-25 आयु वर्ग के वैसे स्नातक उत्तीर्ण युवक/युवतियां जो कहीं अध्ययनरत नहीं हैं तथा नौकरी/रोजगार हेतु प्रयास कर रहे हैं, उनका कोई स्वरोजगार नहीं है अथवा सरकारी, निजी, गैर सरकारी नियोजन प्राप्त नहीं है, को भी 1000 रुपए प्रतिमाह की दर से अधिकतम दो वर्षों तक मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता का भुगतान किया जाएगा।' सीएण ने उम्मीद जताई कि इस सहायता भत्ता का उपयोग युवक/युवतियां आवश्यक प्रशिक्षण प्राप्त करने तथा प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारियों में करेंगे ताकि उनका भविष्य सुरक्षित हो सके।
अगले 5 वर्षों में एक करोड़ नौकरी और रोजगार देने का आश्वासन
बिहार के मुख्यमंत्री ने कहा कि नवम्बर 2005 में नई सरकार बनने के बाद से ही अधिक से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी और रोजगार देना तथा उन्हें सशक्त और सक्षम बनाना हमलोगों की प्राथमिकता रही है। नीतीश कुमार ने याद दिलाया कि अगले पांच साल में एक करोड़ युवाओं को सरकारी नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में सरकारी एवं निजी क्षेत्रों में बड़ी संख्या में नौकरी एवं रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। इस निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए युवाओं को कौशल विकास का प्रशिक्षण दिया जा रहा है ताकि वे नौकरी या रोजगार प्राप्त कर सकें।