
UP Board Exam Date 2026: एशिया के सबसे बड़े एजुकेशन बोर्ड उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UP Board) ने आज साल 2026 की परीक्षओं की तारीख घोषित कर दी है। यूपी बोर्ड ने बताया कि हाई स्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा 18 फरवरी 2026 से शुरू हो रही हैं। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की सचिव भावना सिंह के स्तर जारी आदेश के अनुसार, 12 मार्च 2026 तक परीक्षाएं चलेंगी। इस बार परीक्षा कार्यक्रम पहले से ही घोषित कर दिया गया है, ताकि विद्यालयों और विद्यार्थियों को तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिल सके।
यूपी बोर्ड परीक्षा के टाइम टेबल के मुताबिक, हाईस्कूल और इंटरमीडिएट दोनों परीक्षाएं दो पालियों में आयोजित की जाएंगी। पहली पाली सुबह 8:30 बजे से 11:45 बजे तक होगी, जबकि दूसरी पाली दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक होगी।
हाईस्कूल (कक्षा 10) की परीक्षा का पहला प्रश्नपत्र हिंदी का होगा, जो 18 फरवरी को पहली पाली में आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 19 फरवरी को प्रारंभिक हिंदी और संस्कृत, 20 फरवरी को सामाजिक विज्ञान और 21 फरवरी को गृहविज्ञान एवं सिलाई जैसे विषयों की परीक्षाएं होंगी। इसके बाद गणित, विज्ञान, कला, संस्कृत, संगीत और कंप्यूटर जैसे विषयों की परीक्षाएं क्रमशः मार्च के पहले सप्ताह तक कराई जाएंगी। वहीं, हाईस्कूल की परीक्षा 12 मार्च 2026 को निर्धारित की गई है।
इसी तरह इंटरमीडिएट (कक्षा 12) की परीक्षा की शुरुआत भी 18 फरवरी को सामान्य हिंदी विषय से होगी। अगले दिन यानी 19 फरवरी को भौतिक विज्ञान, भूगोल, गृहविज्ञान जैसे विषयों की परीक्षा होगी। 20 फरवरी को समाजशास्त्र एवं कृषि विज्ञान, 23 फरवरी को अंग्रेजी, 24 फरवरी को जीवविज्ञान और गणित की परीक्षाएं होंगी। इसके अलावा 27 और 28 फरवरी को अर्थशास्त्र, संगीत, कृषि एवं पशुपालन से संबंधित विषयों की परीक्षाएं आयोजित होंगी। मार्च के पहले सप्ताह में वाणिज्य, मनोविज्ञान, समाजशास्त्र, शिक्षाशास्त्र और कंप्यूटर जैसे विषयों की परीक्षाएं पूरी होंगी।
यूपी बोर्ड ने यह भी निर्देश दिए हैं कि सभी जिला विद्यालय निरीक्षक इस कार्यक्रम को अपने स्तर पर व्यापक रूप से प्रचारित करें और विद्यालयों को इसकी प्रति उपलब्ध कराएं।
गौरतलब है कि वर्ष 2025 में यूपी बोर्ड की परीक्षाएं फरवरी के आखिरी सप्ताह में शुरू हुई थीं, जबकि इस बार कार्यक्रम को एक सप्ताह पहले घोषित किया गया है। बोर्ड का कहना है कि समय से पहले कार्यक्रम घोषित करने का मकसद परीक्षा प्रक्रिया को और अधिक सुव्यवस्थित और पारदर्शी बनाना है।
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.