लखनऊ: उत्तर प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में अगले 24 घंटे के दौरान भारी बारिश होने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शनिवार को राज्य के ज्यादातर हिस्सों में बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान जताया। आईएमडी ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश और पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी और कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ आंधी आने और बिजली गिरने की भी संभावना है।
आज लखनऊ में कैसा रहेगा मौसम?
IMD ने लखनऊ और आसपास के इलाकों में रविवार को बादल छाए रहने और बीच-बीच में बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान जताया है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 29 डिग्री सेल्सियस और 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। विभाग ने कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ आंधी चलने और भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की है।
नोएडा में हिंडन खतरे के निशान से ऊपर
केंद्रीय जल आयोग के अनुसार, गौतम बुद्ध नगर जिले में चेतावनी जारी की गई है। दरअसल, नोएडा में हिंडन नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। केंद्रीय जल आयोग ने शाम छह बजकर 52 मिनट पर जारी बुलेटिन में कहा कि शाम छह बजे हिंडन नदी का जलस्तर 196.16 मीटर था, जो 196 मीटर के खतरे के निशान से 0.16 मीटर ऊपर है।
बांदा में हुई रिकॉर्ड तोड़ बारिश
शनिवार को राज्य के प्रमुख शहरों में बांदा में सबसे अधिक 70.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके बाद, हमीरपुर में 45 मिलीमीटर, गाजीपुर में 41.6 मिलीमीटर, सोनभद्र के चुर्क में 29.4 मिलीमीटर, झांसी में 9.8 मिलीमीटर, बाराबंकी में नौ मिलीमीटर, बलिया में 6.1 मिलीमीटर, बरेली में 5.4 मिलीमीटर, उरई में 4.2 मिलीमीटर, शाहजहांपुर में दो मिलीमीटर, प्रयागराज में 1.6 मिलीमीटर, फुरसतगंज में 0.8 मिलीमीटर, गोरखपुर और मुरादाबाद में 0.4-0.4 मिलीमीटर और बहराइच में 0.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
इन जिलों में नहीं पड़ी बारिश की एक भी बूंद
हालांकि, कानपुर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, आगरा, अयोध्या, सुल्तानपुर और बस्ती समेत कई अन्य स्थानों पर इस दौरान बारिश नहीं हुई। मानसून की मौजूदा स्थितियों के कारण कई स्थानों पर दिन का तापमान सामान्य से कम रहा। लेकिन, बुंदेलखंड के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया।