हरियाणा के गुरुग्राम में एक कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) ने दावा किया कि अधिकारियों ने उनका अमेरिकी वीजा आवेदन खारिज कर दिया। हैरत की बात यह है कि वीजा खारिज करने वाले अधिकारियों ने 'भारत से अमेरिका के नाजुक संबंधों' का हवाला दिया। सीईओ जसवीर सिंह ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर नई दिल्ली स्थित अमेरिकी दूतावास से मिले पत्र को भी साझा किया है।
अमेरिकी अधिकारियों के रवैये से खीझे सीईओ जसवीर
जसवीर ने एक्स पोस्ट में कहा कि भारत में कंपनी चलाने, स्थानीय कर्मचारियों को रोजगार देने, करों का भुगतान करने और पिछले 13 साल में अपना पूरा पेशेवर जीवन इसी देश में बिताने के बावजूद अमेरिकी अधिकारियों को लगता है कि मैं भारत नहीं लौटूंगा और अमेरिका में ही रह जाऊंगा।
सिंह ने पोस्ट में कहा, ‘भारत के प्रति मेरी प्रतिबद्धता आपकी प्रक्रिया की तर्कशीलता से कहीं अधिक है। भारत में अमेरिका के राजदूत और टीम, अगर यही आपका मापदंड है, तो या तो इरादे की आपकी परिभाषा गलत है या आपकी मूल्यांकन प्रक्रिया में गंभीर बदलाव की आवश्यकता है। नई दिल्ली स्थित दूतावास की टीम को बेहतर प्रशिक्षण दें।’
अमेरिकी दूतावास से मिली चिट्ठी
अमेरिकी दूतावास का आधिकारिक पत्र में लिखा है कि जसवीर सिंह को अमेरिकी आव्रजन कानून के तहत नॉन-इमिग्रेंट वीजा के लिए अयोग्य पाया गया है। दस्तावेज में यह भी बताया गया कि आप यह साबित नहीं कर पाए कि अमेरिका में आपकी प्रस्तावित गतिविधियां उस गैर-आप्रवासी वीजा के वर्गीकरण के अनुरूप होंगी, जिसके लिए आपने आवेदन किया था। पत्र में यह भी बताया गया कि वीजा आवेदकों को अपने गृह देश से मजबूत पेशेवर, वित्तीय, सामाजिक या पारिवारिक संबंध स्थापित करने होंगे।
नॉटडेटिंग के को-फाउंडर और सीईओ हैं जसवीर सिंह
जसवीर सिंह का एक्स प्रोफाइल बताता है कि वह नॉटडेटिंग के को-फाउंडर और सीईओ हैं। नॉटडेटिंग एक नए तरह की मेट्रिमोनियल वेबसाइट है जहां लाइफ पार्टनर ढूंढने में एआई की मदद मिलती है। नॉटडेटिंग की वेबसाइट के अनुसार, इस कंपनी में भारतीय कारोबार जगत की कई प्रमुख हस्तियों ने निवेश कर रखा है।