US Iran War Ceasefire: पश्चिम एशिया में छिड़े अमेरिका और ईरान युद्ध को लेकर बड़ी खबर आई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दो सप्ताह के लिए यु्द्धविराम का ऐलान किया है। उन्होंने ईरान को मंगलवार तक दी गई डेडलाइन पूरी होने से महज दो घंटे पहले यह घोषणा की। ट्रंप ने पहले कहा था कि अगर मंगलवार तक ईरान कोई समझौता नहीं करता है, तो उसके पुलों, पावर प्लांट्स और नागरिक ठिकानों बर्बाद कर दिया जाएगा। ट्रंप ने कहा कि ईरान की ओर से एक काम करने योग्य 10-सूत्रीय शांति योजना का प्रस्ताव मिला है, जिसके बाद सीजफायर पर सहमति बनी है। यह युद्ध 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल की संयुक्त हमले के बाद शुरू हुआ था। ट्रंप का यह हृदय परिवर्तन ग्लोबल इकोनॉमी और खास तौर पर कच्चे तेल की कीमतों के लिए एक बड़ी राहत बनकर आया है।
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज नहीं खुला तभी जारी रहेगा सीजफायर?
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी शर्तों में साफ कहा है कि अगर ईरान स्ट्रेट ऑफ होर्मुज समुद्री रास्ते को पूरी तरह सुरक्षित और तुरंत नहीं खोलने पर तैयार होता है, तभी यह सीजफायर दो हफ्ते तक प्रभावी रहेगा। ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल ने भी इस सीजफायर एग्रीमेंट को स्वीकार किया है। अब दोनों देशों के प्रतिनिधि शुक्रवार को पाकिस्तान के इस्लामाबाद में बातचीत की मेज पर आएंगे। हालांकि, ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची के उस बयान ने सस्पेंस बना दिया है, जिसमें उन्होंने कहा कि जलमार्ग फिलहाल ईरानी सेना के प्रबंधन में ही रहेगा।
ईरान की कई मांगें
बता दें कि ईरान इस युद्ध को खत्म करने के बदले शांति के साथ-साथ एक नया जियो-पॉलिटिकल ऑर्डर चाहता है। उसकी मांगों की लिस्ट लंबी और सख्त हैं। वह चाहता है कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर नियंत्रण बना रहे, अमेरिकी सेना क्षेत्र से बाहर जाए, उन पर लगे कड़े प्रतिबंध हटाए जाएं और जब्त की गई संपत्ति को वापस किया जाए। अमेरिका के लिए इन शर्तों को मानना किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं होगा।
ट्रंप ने पूरी सभ्यता खत्म करने की दी थी धमकी
डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को डेडलाइन का हवाला देते हुए ईरान को चेतावनी दी थी कि अगर कोई डील नहीं हुई, तो एक 'पूरी सभ्यता आज रात मर जाएगी' और उसे कभी वापस नहीं लाया जा सकेगा। ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए लिखा, "एक पूरी सभ्यता आज रात मर जाएगी, जिसे कभी वापस नहीं लाया जा सकेगा। मैं ऐसा नहीं चाहता, लेकिन शायद ऐसा ही होगा।" उन्होंने आगे कहा कि "आज रात हमें पता चल जाएगा, जो दुनिया के लंबे और जटिल इतिहास के सबसे महत्वपूर्ण पलों में से एक होगा।"