Vaibhav Sooryavanshi in IPL 2026: राजस्थान रॉयल्स के बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने आज भी विस्फोटक पारी खेलकर सभी को हैरान कर दिया। उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ आईपीएल में महज 15 गेंदों में अर्धशतक जड़ दिया। वैभव ने पिच पर आते ही चौके छक्कों की बरसात कर दी। आज वैभव ने 78 रनों की पारी खेली, जिसमें उन्होंने 7 तो छक्के लगाए और 8 चौके ठोक दिए। वैभव ने ये कारनामा 26 गेंदों में कर दिखाया है। हालांकि इसके बाद भी वो एक रिकॉर्ड से चूक गए।
इस रिकॉर्ड से चूक गए वैभव सूर्यवंशी
वैभव सूर्यवंशी ने भले ही आज बवंडर पारी खेली हो और 15 गेंदों में फिफ्टी जड़ दी हो, लेकिन फिर वो यशस्वी जायसवाल से पीछे रह गए हैं। अभी भी आईपीएल इतिहास की सबसे तेज फिफ्टी (अर्धशतक) का रिकॉर्ड यशस्वी जायसवाल के नाम है, जिन्होंने 2023 में राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए मात्र 13 गेंदों में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ यह रिकॉर्ड बनाया था। उनके बाद केएल राहुल (14 गेंद, 2018) और पैट कमिंस (14 गेंद, 2022) संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं।
RCB ने खेली 201 रनों की पारी
रजत पाटीदार की कप्तानी पारी की मदद से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने विकेटों के पतन के बीच राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ शुक्रवार को आईपीएल के मैच में आठ विकेट पर 201 रन बनाये ।पाटीदार ने 40 गेंद में चार छक्कों और चार चौकों की मदद से 63 रन बनाये। एक समय पर आरसीबी के छह विकेट 94 रन पर गिर गए थे जिसके बाद उन्होंने मोर्चा संभालाचैम्पियन बल्लेबाज विराट कोहली ( 16 गेंद में 32 रन ) समेत गत चैम्पियन आरसीबी के सभी बल्लेबाज तेजी से रन बनाने के प्रयास में आउट हो गए । आखिरी ओवरों में इंपैक्ट सब वेंकटेश अय्यर ने 15 गेंद में 29 रन बनाये जिसमें संदीप शर्मा के आखिरी ओवर में 21 रन बने ।
देरी से शुरू हुआ मैच
मैच से पहले बारिश के कारण खेल देर से शुरू हुआ और पिच में नमी के कारण अतिरिक्त उछाल मिला। रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया और तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने फिल साल्ट तथा देवदत्त पडिक्कल को सस्ते में आउट कर दिया।साल्ट तो पहली ही गेंद पर आउट हो गए । कोहली ने अपनी पारी में सात चौके लगाये लेकिन वह रवि बिश्नोई की गेंद पर बोल्ड हो गए । इसके बाद से आरसीबी के बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं बना सके।
बिश्नोई ने कृणाल पंड्या का भी विकेट लिया । वहीं बंगाल प्रीमियर लीग टी20 से चुने गए बृजेश शर्मा ने जितेश शर्मा को पवेलियन भेजा । उन्होंने टिम डेविड का भी विकेट चटकाया। पिछले साल केकेआर के लिये काफी महंगे बिके वेंकटेश को इंपैक्ट सब के तौर पर भेजना पड़ा और उन्होंने तेजी से रन भी बनाये । लेकिन इसके लिये आरसीबी ने लेग स्पिनर सुयश शर्मा को बाहर रखा जो बिश्नोई की तरह उपयोगी साबित हो सकते थे ।