Venezuela-US tensions LIVE: वेनेजुएला और अमेरिका के बीच तनाव अचानक नए मोड़ पर पहुंच गया है। बीती रात अमेरिकी हमले की खबरों के बाद हालात और गंभीर हो गए। राजधानी काराकस में धमाकों और धुएं की तस्वीरें सामने आईं, वहीं राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने देशभर में इमरजेंसी लागू कर दी। इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने दावा किया कि मादुरो और उनकी पत्नी को हिरासत में ले लिया गया है। इस घटनाक्रम ने अंतरराष्ट्रीय राजनीति में हलचल मचा दी है। आइए 10 पॉइंट में समझते हैं अब तक क्या-क्या हुआ।
- अंतरराष्ट्रीय मीडिया और सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि अमेरिका ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को हिरासत में लिया है।
- अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस दावे पर मुहर लगाते हुए कहा कि दोनों को विशेष अभियान में पकड़ा गया है।
- शनिवार सुबह वेनेजुएला की राजधानी काराकस में कई धमाकों की खबरें आईं और सरकारी इमारतों के पास धुआं देखा गया।
- सरकार समर्थक मीडिया ने इसे तकनीकी हादसा बताया, जबकि विपक्षी सूत्रों ने इसे हवाई हमला कहा।
- ट्रंप ने सोशल मीडिया पर कहा कि मादुरो और उनकी पत्नी को वेनेजुएला से बाहर ले जाया गया है।
- अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने भारतीय समयानुसार रात 8 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाले हैं।
- मादुरो और उनकी पत्नी की गिरफ्तारी पर वेनेजुएला सरकार की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
- मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिका ने रात 2 बजे वेनेजुएला के चार शहरों में हमले किए, जिनमें सैन्य ठिकाने भी शामिल थे।
- अमेरिकी दूतावास ने काराकस और आसपास की यात्रा से बचने की सलाह दी, वहीं US फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन ने अमेरिकी फ्लाइट्स को वेनेजुएला एयरस्पेस में उड़ान भरने से रोक दिया है।
- हमलों के बाद मादुरो ने देश में इमरजेंसी लगाने का ऐलान किया और अमेरिका पर तख्तापलट की कोशिश का आरोप लगाया।
वहीं वेनेजुएला की उपराष्ट्रपति डेल्सी रॉड्रिग्ज ने कहा है कि अमेरिकी सेना द्वारा राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को पकड़े जाने के बाद सरकार को नहीं पता कि वे कहां हैं। रॉड्रिग्ज ने कहा कि हमें इसकी जानकारी नहीं कि राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस कहां है। हम उनके जीवित होने का प्रमाण मांगते हैं।