
Mahakumbh Monalisa: सोशल मीडिया पर रातों-रात अपनी खूबसूरती से करोड़ों दिलों को जीतने वाली 'महाकुंभ गर्ल' मोनालिसा ने एक बार फिर सबको चौंका दिया है। कभी प्रयागराज के महाकुंभ मेले में रुद्राक्ष की माला बेचते हुए वायरल हुई मोनालिसा अब फिर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार वजह उनकी शादी है। खबर है कि उन्होंने अपने बॉयफ्रेंड फरमान खान से 11 मार्च को केरल के एक मंदिर में शादी कर ली। यह शादी काफी चर्चा में रही क्योंकि दोनों अलग-अलग धर्म से आते हैं और इस दौरान उन्हें पुलिस सुरक्षा भी दी गई।
मोनालिसा भोसले और फरमान खान की शादी केरल के तिरुवनंतपुरम के पास पूवर स्थित अरुमनूर श्री नैनार देवा मंदिर में हुई। दोनों ने बुधवार को पारंपरिक तरीके से शादी की। वायरल फोटोज में मोनालिसा लाल साड़ी और सिंदूर में नजर आईं, जबकि फरमान खान ने सफेद शर्ट और मुंडू पहनकर शादी की रस्में निभाईं। शादी के दौरान सुरक्षा का भी खास इंतजाम किया गया था, क्योंकि इस रिश्ते को लेकर परिवार के अंदर विवाद की खबरें सामने आई थीं।
रिपोर्ट्स के अनुसार मोनालिसा और फरमान की मुलाकात फेसबुक के जरिए हुई थी। बातचीत धीरे-धीरे दोस्ती में बदली और फिर दोनों ने साथ रहने का फैसला कर लिया। मोनालिसा मूल रूप से मध्य प्रदेश के इंदौर की रहने वाली हैं, जबकि फरमान खान महाराष्ट्र से आते हैं। हालांकि अलग-अलग धार्मिक समुदाय से होने के कारण इस रिश्ते को लेकर मोनालिसा के परिवार की ओर से विरोध की खबरें भी सामने आईं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक मोनालिसा के पिता जय सिंह भोसले इस रिश्ते के खिलाफ थे। बताया जाता है कि उन्होंने मोनालिसा को किसी रिश्तेदार से शादी करने के लिए दबाव भी डाला। इसी बीच जब मोनालिसा केरल में अपनी फिल्म की शूटिंग कर रही थीं, तो उनके पिता वहां पहुंच गए और उन्हें वापस घर ले जाने की कोशिश की। इस स्थिति के बाद मोनालिसा और फरमान थम्पानूर पुलिस स्टेशन पहुंचे और सुरक्षा की मांग की।
पुलिस ने दोनों की बात सुनी और परिवार को स्पष्ट बताया कि मोनालिसा 18 साल की हैं और कानून के अनुसार वह अपने फैसले खुद ले सकती हैं। इसके बाद दोनों पुलिस स्टेशन से निकलकर शादी करने चले गए।
इस शादी के दौरान केरल के कई प्रमुख नेता भी मौजूद रहे और उन्होंने इस जोड़े का समर्थन किया। कार्यक्रम में केरल के शिक्षा मंत्री वी. शिवनकुट्टी, सीपीआई(एम) के राज्य सचिव एम.वी. गोविंदन और सांसद ए.ए. रहीम भी शामिल हुए। बताया जाता है कि मंत्री शिवनकुट्टी ने इस घटना को द रियल केरल स्टोरी बताया।
मोनालिसा भोसले पहली बार तब चर्चा में आई थीं जब 2025 के प्रयागराज महाकुंभ मेले में उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। उस वीडियो में वह रुद्राक्ष की माला और फूल बेचती नजर आ रही थीं। उनकी भूरी आंखें और मुस्कुराता चेहरा लोगों का ध्यान खींचने लगा और सोशल मीडिया पर उन्हें “मोनालिसा” के नाम से पहचान मिलने लगी। देखते ही देखते उनका वीडियो लाखों लोगों तक पहुंच गया और वह एक वायरल चेहरा बन गईं।
वायरल होने के बाद मोनालिसा को फिल्मों में भी मौका मिलने लगा। वह जल्द ही पी. बिनु वर्गीज की मलयालम फिल्म ‘नगम्मा’ में नजर आने वाली हैं, जिसमें अभिनेता कैलाश भी दिखाई देंगे। इसके अलावा वह निर्देशक संजय मिश्रा की फिल्म ‘द डायरी ऑफ मणिपुर’ के जरिए बॉलीवुड में भी डेब्यू करने की तैयारी कर रही हैं। फिल्मों के साथ-साथ मोनालिसा सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय रहती हैं और इंस्टाग्राम के जरिए अपने फैंस से जुड़ी रहती हैं।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.