Virat Kohli Instagram Account Delete: भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली का इंस्टाग्राम अकाउंट अचानक से गायब होने से फैंस काफी परेशान हैं। आज सुबह अचानक सोशल मीडिया पर कुछ स्क्रीनशॉट वायरल होने लगे, जिसमें फैंस ने बताया कि विराट कोहली का इंस्टाग्राम अकाउंट उन्हें नहीं मिल रहा है। उनका इंस्टाग्राम अकाउंट इस तरह अचानक गायब होने की अभी तक वजह सामने नहीं आई है।
कैसे गायब हो गया विराट का इंस्टाग्राम अकाउंट?
अभी तक ये साफ नहीं हो गया है कि ये कोई तकनीकी खराबी की वजह से है, या फिर खुद कोहली ने अपना अकाउंट डिएक्टिवेट कर दिया है। इस मामले पर अभी तक विराट कोहली की टीम की तरफ से भी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। विराट कोहली के बाद कुछ फैंस ने उनके भाई विकास कोहली के अकाउंट को सर्च किया, तो उनका अकाउंट भी इंस्टाग्राम से गायब हो गया है।
27.4 करोड़ थे फॉलोअर्स
रियल लाइफ की तरह इंस्टाग्राम पर विराट कोहली की फैंस की संख्या करोड़ों में है। इंस्टाग्राम पर उन्हें 27.4 करोड़ से ज्यादा यूजर्स फॉलो करते थे। वो इंस्टाग्राम पर सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले खिलाड़ियों में टॉप 3 में आते थे। दुनियाभर की स्पोर्ट्स एथलीट्स में क्रिस्टियानो रोनाल्डो (650 मिलियन) और लियोनेल मेसी (500 मिलियन) के बाद फॉलो किए जाने वाले तीसरे सबसे बड़े प्लेयर विराट कोहली थे।
विराट कोहली भारतीय क्रिकेट के सबसे बड़े सितारों में से एक हैं। उनका जन्म 5 नवंबर 1988 को दिल्ली में हुआ और उन्होंने बहुत कम उम्र में क्रिकेट खेलना शुरू कर दिया। 2008 में अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने के बाद उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली और उसी साल उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ वनडे डेब्यू किया।
विराट कोहली का करियर
वनडे क्रिकेट में कोहली ने कई रिकॉर्ड बनाए हैं। वह सबसे तेज 8,000, 9,000, 10,000 और 12,000 रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने 50 से ज्यादा वनडे शतक लगाए हैं और 2011 वर्ल्ड कप जीत में अहम भूमिका निभाई थी। टेस्ट क्रिकेट में भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा है। 2011 में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट डेब्यू करने के बाद उन्होंने 100 से अधिक टेस्ट मैच खेले और 29 से ज़्यादा शतक लगाए। उनका टी20 क्रिकेट में भी कोहली का दबदबा रहा है।