
Putin’s Aurus Senat limo: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन आज दिल्ली पहुंचने वाले हैं। उनके साथ उनकी पसंदीदा कार Aurus Senat Limousine भी होगी। ये वही कार है जिसे पुतिन हर बड़ी विदेशी यात्रा में अपने साथ लाते हैं। देखने में रोल्स रॉयस जैसी, लेकिन सुरक्षा के मामले में किसी किले से कम नहीं। जानते है पुतिन की इस लिमोजिन की खासियत।
Aurus Senat को मॉस्को की कंपनी Aurus Motors ने बनाया है। शुरुआत में इसे खास तौर पर सिर्फ रूस के राष्ट्रपति के लिए बनाई जाती थी, लेकिन 2021 में कंपनी ने इसे आम लोगों के लिए भी लॉन्च कर दिया। यह कार सिर्फ पुतिन ही नहीं, बल्कि तुर्कमेनिस्तान सहित कई देशों के राष्ट्रप्रमुख इस्तेमाल करते हैं।
मॉस्को टाइम्स के मुताबिक इस लिमोजिन की कीमत करीब 50 मिलियन रूबल यानी लगभग ₹5.5 करोड़ बैठती है। इसमें लगा है 4.4-लीटर V8 इंजन, जो 598 bhp और 880 Nm टॉर्क देता है। चाहे तो 850 bhp वाला V12 ऑप्शन भी है।
कार का इंटीरियर पूरा लेदर, वुडन फिनिश और एम्बिएंट लाइटिंग से भरा हुआ है। लेकिन इसका असली खेल इसके सुरक्षा सिस्टम में है। इसमें है फायर सप्रेशन सिस्टम, एयर फिल्ट्रेशन, 20-इंच बुलेटप्रूफ व्हील, और इतना आर्मर कि आर्मर-पियर्सिंग बुलेट, केमिकल अटैक और ग्रेनेड ब्लास्ट भी झेल ले। खिड़कियों पर 6 cm मोटा ग्लास लगा है। साथ ही इमरजेंसी एग्जिट भी दिया गया है, ताकि किसी भी स्थिति में रास्ता निकल सके।
Aurus Senat भारतीय खबरों में पहली बार नहीं आई। इसी साल अगस्त में पीएम मोदी और पुतिन, चीन के तियानजिन में इसी कार की बैक सीट पर साथ बैठे दिखाई दिए थे, जब वे SCO समिट के लिए जा रहे थे।
पुतिन की 4-5 दिसंबर की यह यात्रा इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि हाल ही में भारत और अमेरिका के बीच टैरिफ को लेकर खटास बढ़ी है। अमेरिका ने भारतीय आयात पर 50% ड्यूटी लगा दी, जिसमें आधा हिस्सा रूस से तेल और हथियार खरीदने की वजह से पेनल्टी के तौर पर बताया गया।
ब्लूमबर्ग के अनुसार, इस मुलाकात में भारत और रूस Su-57 लड़ाकू विमानों पर बातचीत कर सकते हैं। साथ ही तेल व्यापार, ट्रेड और आर्थिक सहयोग पर भी चर्चा होगी। पुतिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात करेंगे। पुतिन की यह भारत यात्रा सिर्फ डिप्लोमेसी नहीं, बल्कि चर्चा उनकी कार की भी उतनी ही है। Aurus Senat एक तरह से पुतिन का चलता-फिरता सुरक्षा कवच है, जो एक बार फिर दिल्ली में सुर्खियों में रहेगा।
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.