Weather Alert: देश के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पहाड़ी इलाकों से लेकर मैदानी क्षेत्रों तक के तापमान में लगातार गिरावट देखने को मिल रहा है। तापमान में गिरावट के साथ शीतलहर और घने कोहरे ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा है कि भारत के कई हिस्सों में शीतलहर जारी रहेगी। इसके साथ ही कुछ इलाकों के लिए बारिश और बर्फबारी की चेतावनी भी जारी की गई है। राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में लोग कड़ाके की ठंड का सामना कर रहे हैं। वहीं मौसम विभाग ने दिल्ली में कल तक बादल छाए रहने और कोहरे की स्थिति का अनुमान लगाया है।
6 और 7 जनवरी को उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, बिहार और उत्तर प्रदेश में भी ठंड का असर देखने को मिलेगा। राजस्थान में 8 से 11 जनवरी तक, मध्य प्रदेश में 7 और 8 जनवरी को, महाराष्ट्र के विदर्भ, झारखंड और छत्तीसगढ़ में 6 से 8 जनवरी, 2026 तक शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है। IMD ने आज जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुज़फ़्फ़राबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी बर्फ़बारी का अनुमान लगाया है।
घने कोहरे की चेतावनी
वहीं, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, बिहार, हिमाचल प्रदेश, जम्मू क्षेत्र, मध्य प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, ओडिशा, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में घना कोहरा छाए रहने क अनुमान जताया गया है।
दक्षिण भारत में बारिश के आसार
दक्षिण भारत में, 8 और 9 जनवरी को तमिलनाडु में गरज और बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 9 और 10 जनवरी को तमिलनाडु, केरल और माहे में कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की उम्मीद जताई गई है।
गिरेगा पारा
मौसम विभाग ने अगले चार दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में 2-3°C की धीरे-धीरे गिरावट का अनुमान लगाया है। इसके बाद, अगले तीन दिनों तक तापमान में ज़्यादा बदलाव नहीं होने की उम्मीद है। मध्य और पूर्वी भारत में भी अगले दो दिनों में 2-3°C की इसी तरह की गिरावट आ सकती है। इसके बाद अगले पांच दिनों तक मौसम स्थिर रहेगा। देश के बाकी हिस्सों में रात के तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की उम्मीद नहीं है।
उत्तर प्रदेश के मौसम का हाल
उत्तर प्रदेश में ठंड का कहर जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक, यहां अगले 48 घंटों में तापमान में गिरावट देखने को मिल सकता है। फिलहाल सुबह से शाम तक कड़ाके की ठंड का असर देखने को मिल रहा है , लेकिन कोहरे में कमी और दिन में धूप निकलने से लोगों को दिन के समय राहत भी मिली है। कुल मिलाकर यहां अभी ठंड से कोई राहत नहीं मिलने वाली है।