
Aaj ka mausam: देशभर में आज 20 अक्टूबर को दिवाली का त्योहार मनाया जा रहा है। जहां एक ओर घरों में दीप जल रहे हैं, वहीं बाहर का मौसम भी लोगों की तैयारियों को प्रभावित कर रहा है। दिल्ली-एनसीआर में हल्का कोहरा और बढ़ता प्रदूषण चिंता की वजह बना है, जबकि उत्तर प्रदेश में मौसम साफ और शुष्क रहने की उम्मीद है। चलिए जानें आज देशभर में मौसम का हाल।
दिल्ली-एनसीआर में कोहरा और खराब AQI
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आज दिवाली की सुबह दिल्ली-एनसीआर में हल्का कोहरा रहेगा और हवाएं करीब 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी। चढ़ते दिन के साथ राजधानी और आस पास के इलाकों में तेज धूप देखने को मिलेगी। सबसे बड़ी चिंता की बात है कि एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) लगातार बिगड़ता जा रहा है। इस समय गाजियाबाद सबसे प्रदूषित शहर बन गया है, जहां AQI करीब 320 तक पहुंच गया है। दिवाली के दिन पटाखों और धुएं के कारण पूरे दिल्ली-एनसीआर में AQI और भी ज्यादा खराब हो सकता है। दिल्ली, नोएडा, गुड़गांव, ग्रेटर नोएडा और फरीदाबाद में AQI फिलहाल 200 से 300 के बीच बना हुआ है। प्रदूषण के बढ़ते स्तर को देखते हुए पर्यावरण प्रदूषण नियंत्रण प्राधिकरण (EPCA) ने ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) की स्टेज-II लागू कर दी है।
यूपी में साफ मौसम, हल्की ठंड का एहसास
उत्तर प्रदेश में दिवाली के दिन मौसम साफ रहेगा। दिन में हल्की गर्मी रहेगी, लेकिन रात के समय तापमान में गिरावट से ठंडक महसूस होगी। सुबह भी हल्की ठंड का असर दिख सकता है।
बिहार में दिवाली पर सुहावना मौसम
बिहार में भी दिवाली के दिन कोई बारिश नहीं होगी। मौसम विभाग ने साफ किया है कि मौसम सुहावना रहेगा। हालांकि, 25 अक्टूबर से सुबह-शाम ठंड का असर दिखने लगेगा, खासकर ग्रामीण इलाकों में।
उत्तराखंड में साफ आसमान
उत्तराखंड में दिवाली पर बारिश की कोई संभावना नहीं है। मौसम साफ रहेगा, लेकिन तापमान में कमी आ सकती है, जिससे रात में ठंडक बढ़ेगी।
पंजाब-हरियाणा में बढ़ेगा प्रदूषण
पंजाब और हरियाणा में दिवाली पर मौसम बिल्कुल साफ रहेगा। लेकिन दिवाली के बाद आतिशबाजी के कारण प्रदूषण का स्तर बढ़ने की आशंका है। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट
केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में दिवाली के दिन मौसम खराब रहेगा। मौसम विभाग ने भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। लोगों को सतर्क रहने और बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है।
गुजरात-महाराष्ट्र में दिवाली पर साफ मौसम
गुजरात और महाराष्ट्र में दिवाली के दिन मौसम साफ रहेगा। बारिश की कोई संभावना नहीं है।
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.