Cyclone Ditwah: भारत के दक्षिणी तटीय इलाकों में मौसम अचानक करवट ले चुका है। समुद्र की तरफ उठी तेज हवाएं और लगातार हो रही बारिश इस बात का संकेत हैं कि चक्रवात दितवाह (Ditwah) बहुत नजदीक पहुंच चुका है। श्रीलंका में भारी तबाही मचाने के बाद अब यह तूफान भारत की ओर बढ़ रहा है, और मौसम विभाग लगातार स्थिति की निगरानी कर रहा है।
तूफान ने श्रीलंका में मचाई तबाही
श्रीलंका में शनिवार तक इस तूफान ने भारी तबाही मचाई। 153 लोगों की मौत और 191 लोग लापता बताए जा रहे हैं। वहां भारी बारिश, तेज हवाएं और भूस्खलन ने कई इलाकों को पूरी तरह प्रभावित कर दिया।
IMD का लेटेस्ट अपडेट
रविवार सुबह 2:55 बजे IMD ने लिखा, "चक्रवाती तूफान दितवाह (Ditwah) बंगाल की खाड़ी के दक्षिण‑पश्चिम हिस्से और श्रीलंका व तमिलनाडु तटों के पास बना हुआ है। बीते 6 घंटों में यह करीब 5 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर दिशा में बढ़ा और 29 नवंबर रात 11:30 बजे यह दक्षिण‑पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उत्तर तमिलनाडु‑पुडुचेरी तटों के पास केंद्रित था। इसका स्थान वेदरणियम से 90 किलोमीटर पूर्व‑उत्तरपूर्व, करैकल से 90 किलोमीटर पूर्व‑दक्षिणपूर्व, श्रीलंका के जाफना से 130 किलोमीटर उत्तर‑उत्तरपूर्व, पुडुचेरी से 160 किलोमीटर दक्षिण‑दक्षिणपूर्व और चेन्नई से 260 किलोमीटर दक्षिण में रहा। मौसम विभाग के अनुसार यह तूफान अगले 24 घंटों तक उत्तर तमिलनाडु और पुडुचेरी के तटों के समानांतर उत्तर दिशा में बढ़ेगा और आज 30 नवंबर की सुबह और शाम तक तट से 50 और 25 किलोमीटर की दूरी पर रहेगा।"
तमिलनाडु–पुडुचेरी में अलर्ट
मौसम विभाग ने चेन्नई, कडलूर, विलुपुरम और पुडुचेरी समेत कई जिलों में अलर्ट जारी कर दिया है। शनिवार से ही इन इलाकों में भारी बारिश और तेज हवाएं चल रही हैं। नागपट्टिनम और रामेश्वरम में हालात सबसे ज्यादा बिगड़े बताए जा रहे हैं।
6,000 राहत कैंप और 28 टीमें तैनात
तमिलनाडु के मंत्री केकेएसएसआर रामचंद्रन ने बताया कि 6000 राहत शिविर बनाए गए हैं। NDRF और SDRF की 28 टीमें तैनात हैं। तटीय इलाकों में बचाव दल पूरी तरह तैयार हैं। राज्य के डिप्टी सीएम उधयनिधि स्टालिन ने बताया कि सरकार पूरी तरह सतर्क है और लोगों से अपील की है कि वे सरकारी गाइडलाइंस का पालन करें।
फ्लाइट्स कैंसिल-रेलवे ने सक्रीय किया वॉर रूम
चक्रवाती तूफान दितवाह के चलते चेन्नई एयरपोर्ट ने 54 उड़ानें रद्द कर दी हैं। यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा है और एयरपोर्ट पर सुरक्षा इंतजाम कड़े कर दिए गए हैं। तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश से निपटने के लिए रेलवे ने भी वॉर रूम सक्रिय कर दिया है। इसका मकसद है कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो।
आज तूफान का असर बढ़ेगा
IMD के DG डॉ. मृत्युंजय महापात्रा के अनुसार, तूफान थोड़ी और ताकत पकड़ सकता है और आज सुबह तक यह उत्तर तमिलनाडु–पुडुचेरी के बिल्कुल करीब पहुंच जाएगा। हवा की रफ्तार बढ़ सकती है और समुद्री लहरें ऊंची उठने की संभावना है।
स्थानीय जीवन पर असर
कई जिलों में शनिवार रात से सड़कें पानी से भर गई हैं। ट्रैफिक धीमा पड़ा है। कई जगह पेड़ गिरने और बिजली बाधित होने की खबरें हैं। तटीय इलाकों में मछुआरों को पूरी तरह समुद्र से दूर रहने के निर्देश दिए गए हैं।