Kal ka mausam: सर्दियों का मौसम पूरे देश में अलग-अलग रूप दिखा रहा है। कहीं घना कोहरा लोगों की रफ्तार धीमी कर रहा है, तो कहीं कड़ाके की ठंड ने जनजीवन मुश्किल बना दिया है। मौसम विभाग ने कई राज्यों के लिए अलग-अलग पूर्वानुमान जारी किए हैं।
दिल्ली-एनसीआर में कोहरे ने बिगाड़ी रफ्तार
दिल्ली एनसीआर में घने कोहरे के कारण दृश्यता काफी कम हो गई। इसका सीधा असर सड़क यातायात पर पड़ा। दिल्ली को एनसीआर से जोड़ने वाली प्रमुख सड़कों और हाईवे पर वाहन धीमी रफ्तार से चलते नजर आए। कम दृश्यता की वजह से वाहन चालकों को खास सावधानी बरतनी पड़ी, जिससे सुबह के वक्त यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में देरी हुई। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, ठंड बढ़ने के चलते आने वाले दिनों में भी सुबह के समय कोहरा छाए रहने का अनुमान है।
पंजाब-हरियाणा में कंपकंपाती ठंड
पंजाब और हरियाणा के कई इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। अमृतसर में रविवार को न्यूनतम तापमान गिरकर 1.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। सुबह और रात के समय ठंड का असर ज्यादा महसूस किया गया, जिससे लोगों को घरों में दुबकने पर मजबूर होना पड़ा।
तेलंगाना में ठंड बढ़ने के आसार
तेलंगाना में मौसम विभाग ने बताया है कि अगले दो दिनों के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से दो से चार डिग्री सेल्सियस तक नीचे रह सकता है। विभाग की दैनिक रिपोर्ट के अनुसार, अगले सात दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है, हालांकि रात के समय ठंड बढ़ सकती है।
झारखंड में शीतलहर का कहर जारी
झारखंड इस समय भीषण ठंड की चपेट में है और फिलहाल इससे राहत के आसार कम नजर आ रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के अधिकतर हिस्सों में सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा छाया रहेगा। उत्तर-पूर्वी और मध्य झारखंड के जिलों में सुबह और देर रात ठंड ज्यादा सताएगी। हालांकि दिन में धूप निकलने से तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे दोपहर में कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
कश्मीर में बढ़ी ठंड, बर्फबारी के आसार
कश्मीर में न्यूनतम तापमान में गिरावट के साथ ठंड और तेज हो गई है। सोनमर्ग घाटी का सबसे ठंडा इलाका रहा। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में लगातार पश्चिमी विक्षोभ कश्मीर को प्रभावित कर सकते हैं। 21 जनवरी को ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना है, जबकि 25 जनवरी तक हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी हो सकती है। चिनाब घाटी, पीर-पंजाल और दक्षिण कश्मीर के कुछ हिस्सों में 23 से 24 जनवरी के बीच भारी बारिश या बर्फबारी के आसार जताए गए हैं।
देश के कई हिस्सों में ठंड, कोहरा और शीतलहर का असर फिलहाल बना रहने वाला है। लोगों को खासकर सुबह और रात के समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है, क्योंकि मौसम के तेवर अभी नरम पड़ते नहीं दिख रहे।