Kal ka mausam: दिल्ली में सर्दी का सितम बरकरार, यूपी-बिहार में कोहरे का अलर्ट, जानें कल देशभर में कैसा रहेगा मौसम

Kal ka mausam: उत्तर भारत में ठंड का असर जारी है। कहीं शीतलहर, कहीं कोहरा और कहीं बर्फबारी देखने को मिल रही है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में हल्की बारिश, तापमान में उतार-चढ़ाव और कोहरे की चेतावनी दी है।

Priya Shandilya
अपडेटेड15 Jan 2026, 07:25 PM IST
कल का मौसम कैसा रहेगा?
कल का मौसम कैसा रहेगा?(HT)

Kal ka mausam: जनवरी की ठंड ने उत्तर भारत को पूरी तरह अपनी गिरफ्त में ले लिया है। कहीं शीतलहर, कहीं कोहरा और कहीं बर्फबारी, हर राज्य में मौसम का अलग रंग देखने को मिल रहा है। दिल्ली से लेकर कश्मीर तक लोग सर्दी के असर को महसूस कर रहे हैं।

दिल्ली में सर्दी का सितम

दिल्ली के सभी मौसम केंद्रों पर तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया है, जिससे साफ है कि राजधानी अभी भी शीतलहर की चपेट में है। पिछले चार दिनों से ठंड लगातार बनी हुई है और अनुमान है कि यह हालात अगले दिन भी जारी रहेंगे। वहीं सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के मुताबिक दिल्ली का AQI 349 दर्ज किया गया है, जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी में आता है।

यूपी में कोहरे की चेतावनी

उत्तर प्रदेश में बीते करीब एक महीने से चल रही कड़ाके की सर्दी अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ रही है। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के असर से अगले पांच से छह दिनों में न्यूनतम तापमान में चार से छह डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है। 19 जनवरी के बाद पश्चिमी यूपी के कुछ इलाकों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है। साथ ही पश्चिमी यूपी में घना से बहुत घना कोहरा और पूर्वी यूपी के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छा सकता है।

पटना समेत बिहार में ठंड का प्रकोप जारी

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार पटना समेत बिहार में 19 जनवरी तक मौसम शुष्क रहेगा। सुबह के समय कोहरा या धुंध रह सकती है, जबकि दिन चढ़ने पर आसमान साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 22 से 23 डिग्री और न्यूनतम 10 से 12 डिग्री के आसपास रह सकता है। अगले सात दिनों तक राज्य के कई इलाकों में सुबह मध्यम से घना कोहरा पड़ने की संभावना है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है।

हिसार सबसे ठंडा, पारा हिमांक के करीब

पंजाब और हरियाणा में ठंड का असर और तेज हो गया है। गुरुवार को हरियाणा के हिसार में न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब छह डिग्री कम है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में यहां पारा और गिर सकता है।

जम्मू-कश्मीर में कल से पश्चिमी विक्षोभ का असर

जम्मू-कश्मीर में नए पश्चिमी विक्षोभ के आने से पहले रात के तापमान में हल्का सुधार देखा गया है, लेकिन ठंड अब भी बरकरार है। मौसम विभाग के अनुसार 16 जनवरी से अगले कुछ हफ्तों तक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रह सकता है। 19–20 जनवरी को हल्की बारिश या बर्फबारी और 22–24 जनवरी के बीच कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी की संभावना जताई गई है। कुछ क्षेत्रों में भारी बर्फबारी भी हो सकती है।

राजस्थान में शीतलहर और कोहरा

राजस्थान के कई हिस्सों में शीतलहर और घने कोहरे का असर जारी है। बीते 24 घंटे में फतेहपुर सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है। 17–18 जनवरी को कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के चलते कुछ इलाकों में आंशिक बादल रहेंगे, जबकि 22–24 जनवरी के बीच एक और मजबूत सिस्टम सक्रिय हो सकता है।

पश्चिम बंगाल में घने कोहरे की चेतावनी

आईएमडी ने पश्चिम बंगाल के कई जिलों में सुबह के समय घने कोहरे की चेतावनी दी है। उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कूचबिहार, जलपाईगुड़ी, दिनाजपुर और मालदा में कोहरे का असर ज्यादा रहने की संभावना है। दक्षिण बंगाल के बर्धमान, बीरभूम, मुर्शिदाबाद, नदिया, हुगली और उत्तर 24 परगना में भी कोहरा छा सकता है। हालांकि अगले सात दिनों तक राज्य में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़ट्रेंड्सKal ka mausam: दिल्ली में सर्दी का सितम बरकरार, यूपी-बिहार में कोहरे का अलर्ट, जानें कल देशभर में कैसा रहेगा मौसम
More
बिजनेस न्यूज़ट्रेंड्सKal ka mausam: दिल्ली में सर्दी का सितम बरकरार, यूपी-बिहार में कोहरे का अलर्ट, जानें कल देशभर में कैसा रहेगा मौसम