Aaj ka mausam: नए साल की शुरुआत देश के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के साथ हुई है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तर भारत से लेकर पहाड़ी इलाकों तक मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। आने वाले कुछ दिनों में कई राज्यों में बारिश, बर्फबारी, कोहरा और शीतलहर लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती है।
दिल्ली से बिहार तक कोहरे की मार
पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और ओडिशा में अगले 5 से 7 दिनों तक सुबह और रात के समय घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। कई जगहों पर विजिबिलिटी बेहद कम रह सकती है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है।
दिल्ली में आज का मौसम
दिल्ली वालों के लिए आज सुबह का सफर आसान नहीं होगा। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि राजधानी के ज्यादातर इलाकों उत्तर, पश्चिम, दक्षिण और पूर्वी हिस्सों में घना कोहरा छाया रहेगा। विजिबिलिटी इतनी कम होगी कि गाड़ी चलाते वक्त खास ध्यान रखना पड़ेगा। तापमान भी नीचे जा रहा है, सुबह का पारा 8–9 डिग्री तक गिर सकता है और न्यूनतम तापमान करीब 5 डिग्री तक पहुंचने की उम्मीद है।
यूपी में ठंड और कोहरा
उत्तर प्रदेश के 25 से ज्यादा जिलों में आज शीतलहर और कोहरे का डबल अटैक रहेगा। लखनऊ समेत कई शहरों में सुबह का तापमान 9 डिग्री तक गिर सकता है। न्यूनतम तापमान 6–7 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। यानी सुबह-सुबह बाहर निकलना मुश्किल और ठंड का असर पूरे दिन महसूस होगा।
हरियाणा-पंजाब में कोल्ड डे और कोल्ड वेव अलर्ट
पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और बिहार में कुछ इलाकों में कोल्ड डे की स्थिति बन सकती है। वहीं हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान के कुछ हिस्सों में कोल्ड वेव यानी शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की गई है। खासकर सुबह और रात के समय ठंड ज्यादा परेशान कर सकती है।
इन 3 राज्यों में बर्फबारी-बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों जैसे जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अगले दो दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। इससे पहाड़ी इलाकों में तापमान और गिर सकता है और सफर करने वालों को सतर्क रहने की जरूरत है।