इस हफ्ते कई राज्यों में आंधी, बारिश और तूफान का अलर्ट, क्या यह प्री-मानसून की दस्तक?

Weather forecast for this week: कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक, देश के कई हिस्सों में बारिश हो रही है। तपती गर्मी के बीच हर रोज तेज हवा, आंधी और बारिश के कारण मौसम सुहावना हो गया है। तो क्या इस बार भारत में मानसून समय से पहले दस्तक देने वाला है? आइए जानें, मौसम विभाग का क्या कहना है।

Priya Shandilya
पब्लिश्ड19 May 2025, 10:16 AM IST
क्या इस साल समय से पहले आएगा मानसून?
क्या इस साल समय से पहले आएगा मानसून?

Weather forecast Monsoon: भारत में मानसून की आधिकारिक शुरुआत से पहले ही मौसम ने करवट ले ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले सप्ताह भर देश के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश, आंधी-तूफान और तेज हवाओं का सिलसिला जारी रहेगा। पूर्वोत्तर, दक्षिण, मध्य, पश्चिम और उत्तर भारत के कई क्षेत्रों में मौसम का यह बदला मिजाज देखने को मिलेगा।

दिल्ली, यूपी और राजस्थान में आंधी-बारिश

IMD के मुताबिक दिल्ली में सप्ताह भर गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का अनुमान है। इससे तापमान में गिरावट आ सकती है। उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में भी आंधी, बारिश और वज्रपात की संभावना है। भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने यूपी के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में आंधी, बारिश और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है। अगले 3 से 4 दिनों तक राज्य के विभिन्न जिलों में बारिश की संभावना है।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 19 से 25 मई तक गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का अनुमान है। इससे तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वायु गुणवत्ता भी मध्यम श्रेणी में बनी हुई है, हालांकि धूल भरी आंधी से AQI में थोड़ी गिरावट आई है।

दक्षिण भारत: केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु में मूसलधार बारिश

केरल, लक्षद्वीप और कर्नाटक के सभी क्षेत्रों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। तमिलनाडु, पुडुचेरी, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों में भी भारी बारिश का अनुमान है। कर्नाटक के तटीय इलाकों में 20 मई को अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है।

पश्चिम भारत- महाराष्ट्र, गोवा और गुजरात में तेज बारिश

गोवा, महाराष्ट्र और गुजरात में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का अनुमान है। इन क्षेत्रों में हवाओं की गति 70 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है। मध्य और पूर्वी भारत के राज्यों जैसे पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में भी बारिश की संभावना है।

पूर्वोत्तर भारत में लगातार बारिश का सिलसिला

मौसम विभाग के अनुसार असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम में सप्ताह भर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। असम और मेघालय में तेज हवाओं के साथ गरज-चमक भी देखने को मिलेगी। अरुणाचल प्रदेश और त्रिपुरा में भी अच्छी बारिश का अनुमान है।

कोलकाता में जल्द आ सकता है मानसून

पिछले कुछ दिनों से दक्षिण बंगाल में भीषण गर्मी के बाद अचानक हुई बारिश से लोगों को राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर पश्चिम उत्तर प्रदेश से पूर्वी बांग्लादेश तक एक ट्रफ बनने से यह बदलाव आया है। कोलकाता और पश्चिम बंगाल के अन्य शहरों में 1-2 जून तक मानसून के पहुंचने की संभावना है।

मुंबई में भी इस बार जल्दी आ सकता है मानसून

महाराष्ट्र में इस साल असामान्य प्री-मानसून बारिश देखी गई है। मौसम विभाग ने 19 से 25 मई तक राज्य में व्यापक बारिश की चेतावनी जारी की है। कोंकण और मध्य महाराष्ट्र में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। मुंबई में भी मानसून की जल्दी दस्तक की उम्मीद है।

बेंगलुरु में भारी बारिश से जलभराव

बेंगलुरु में 18 मई को इस साल की सबसे भारी बारिश दर्ज की गई, जिसमें 24 घंटे में लगभग 40 मिमी बारिश हुई। इससे कई निचले इलाकों में जलभराव हो गया। मौसम विभाग ने 22 मई तक बेंगलुरु और कर्नाटक के 22 अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। अगले कुछ दिनों में भी बारिश और गरज-चमक जारी रहने की संभावना है।

 

 

 

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

होमट्रेंड्सइस हफ्ते कई राज्यों में आंधी, बारिश और तूफान का अलर्ट, क्या यह प्री-मानसून की दस्तक?
More