
Snowfall: पहाड़ों में बर्फबारी की वजह से जम्मू-कश्मीर से लेकर हिमाचल तक हर तरफ सफेद चादर बिछ गई है। मौसम के अचानक बदले मिजाज ने जहां सैलानियों को रोमांच से भर दिया, वहीं आम लोगों की मुश्किलें भी बढ़ा दी हैं। कहीं सड़कें बंद हैं, कहीं उड़ानें रद्द हो गईं और कई इलाकों में ठंड ने जनजीवन की रफ्तार थाम ली है। आइए, जानते हैं अलग-अलग राज्यों का हाल।
शुक्रवार को कश्मीर घाटी के ज्यादातर इलाकों में शुक्रवार को सीजन की पहली बर्फबारी हुई। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की से भारी बर्फ गिरी, जबकि निचले इलाकों में लगातार बारिश होती रही। इसका असर ये हुआ कि श्रीनगर समेत कई इलाकों में आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया।
लगातार बर्फबारी और खराब मौसम को देखते हुए श्रीनगर एयरपोर्ट से सभी उड़ानें रद्द कर दी गईं। अधिकारियों के मुताबिक, रनवे और ऑपरेशनल एरिया में बर्फ जमने की वजह से यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया। वहीं, जम्मू–श्रीनगर नेशनल हाईवे, श्रीनगर-लेह हाईवे, मुगल रोड और कई संपर्क सड़कों को भी एहतियातन बंद कर दिया गया है। तेज हवाओं और बर्फबारी की वजह से कई जगह बिजली आपूर्ति बाधित हुई है। श्रीनगर और आसपास के जिलों में बिजली के ढांचे को नुकसान पहुंचा है। कश्मीर पावर डिस्ट्रीब्यूशन कॉर्पोरेशन लिमिटेड का कहना है कि सप्लाई बहाल करने का काम लगातार जारी है।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटों में जम्मू-कश्मीर में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी जारी रह सकती है। कुछ इलाकों में तेज बारिश और गरज-चमक के भी आसार हैं। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ गिरते रहने की संभावना जताई गई है।
खराब मौसम की वजह से वैष्णो देवी मंदिर की यात्रा अस्थायी रूप से स्थगित कर दी गई है। त्रिकुटा पहाड़ियों पर सीजन की पहली बर्फबारी हुई है। कटरा बेस कैंप से किसी भी नए जत्थे को आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी गई और हेलीकॉप्टर सेवा भी रोक दी गई है।
लंबे इंतजार के बाद उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में नए साल की पहली बर्फबारी हुई। बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री, औली, मसूरी और चकराता जैसे इलाकों में हर तरफ सफेद चादर बिछ गई। वहीं देहरादून और मैदानी इलाकों में सुबह से बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने ऊंचाई वाले क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
सरोवर नगरी नैनीताल में भी शुक्रवार को साल की पहली बारिश दर्ज की गई। पहाड़ियों, माल रोड और स्नो व्यू पॉइंट पर ठंडी फुहारों से मौसम सुहावना हो गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले 24 घंटों में आसपास के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्का हिमपात होने की संभावना है, साथ ही तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे ठंड और बढ़ेगी।
पंजाब और चंडीगढ़ में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई। जालंधर में ओलावृष्टि दर्ज की गई, जिससे फसलों को नुकसान की आशंका है। लुधियाना और अमृतसर समेत कई जिलों में तापमान गिरा है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते जालंधर, अमृतसर और लुधियाना सहित आसपास के जिलों में अगले दो दिनों तक बारिश, गरज-चमक और ओलावृष्टि को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में भी शुक्रवार को भारी बर्फबारी दर्ज की गई। कई जगह सड़कें पूरी तरह ढक गईं। शिमला में करीब तीन महीने बाद बर्फ गिरी, वहीं लाहौल–स्पीति में भारी हिमपात से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। अटल टनल की ओर आवाजाही भी प्रभावित है। ब्लैक आइस के खतरे को देखते हुए कई रास्ते बंद कर दिए गए हैं।
मौसम विभाग ने क्षेत्र के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसमें छिटपुट स्थानों पर 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के साथ भारी हिमपात की चेतावनी दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि ऐसी स्थिति में बाधाएं और बढ़ सकती हैं तथा आवश्यक सेवाएं बाधित हो सकती है।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.