
Aaj ka mausam: त्योहारों के बीच मौसम भी अपना रंग बदल रहा है, कहीं बारिश की दस्तक है, तो कहीं ठंड की शुरुआत हो चुकी है। मौसम विभाग की चेतावनी साफ बताती है कि आने वाले दिनों में छाता और स्वेटर दोनों काम आएंगे। आइए जानें आज देशभर में कैसा रहेगा मौसम का हाल।
अक्टूबर के साथ ही दिल्ली की ठंड दस्तक दे चुकी है। शनिवार को राजधानी का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 254 पहुंच गया, जो खराब श्रेणी में आता है। मौसम विभाग के मुताबिक, 23 अक्टूबर तक दिल्ली-एनसीआर में सुबह के समय हल्की धुंध बनी रह सकती है। शनिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 33°C और न्यूनतम 19°C दर्ज हुआ। अगले कुछ दिनों में तापमान में और गिरावट आने की संभावना है, और दिवाली तक ठंड बढ़ जाएगी।
उत्तर भारत में 19 अक्टूबर को दिन में धूप खिली रहेगी और मौसम सुहावना रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार में दिन में हल्की गर्मी महसूस होगी, लेकिन रातें ठंडी होने लगेंगी। इन राज्यों में कुछ जगहों पर हल्के बादल भी देखने को मिल सकते हैं।
मौसम विभाग (IMD) ने बताया है कि 19 से 24 अक्टूबर तक दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल और माहे में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ जगहों पर भारी वर्षा की आशंका जताई गई है। इसके अलावा दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 19-20 और 22-24 अक्टूबर के बीच, जबकि तटीय कर्नाटक में 19, 23 और 24 अक्टूबर को बारिश होने की संभावना जताई गई है। 22 से 24 अक्टूबर के बीच तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में गरज के साथ तेज बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, रविवार को बिहार में मौसम शुष्क रहेगा, बारिश की संभावना नहीं है। शनिवार की तुलना में रात के तापमान में 1–2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, आज तापमान में थोड़ी वृद्धि हो सकती है। अगले तीन दिनों में राज्य के तापमान में 2-3°C तक बढ़ोतरी का अनुमान है।
मौसम विभाग ने ओडिशा, झारखंड, छत्तीसगढ़ और दक्षिणी मध्य प्रदेश में 19 से 21 अक्टूबर के बीच गरज के साथ बारिश की संभावना जताई है। इन राज्यों में कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.