
Aaj ka mausam: देशभर में इस वक्त मौसम करवट लेता नजर आ रहा है। कहीं बादलों की आवाजाही शुरू हो गई है तो कहीं गरज-चमक के साथ बारिश का दौर लौट आया है। आईएमडी के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक उत्तर और दक्षिण भारत दोनों जगहों पर मौसम में बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे।
दिल्ली-एनसीआर में फिलहाल कोहरा नहीं दिखेगा, लेकिन सुबह के वक्त हल्की धुंध बनी रहेगी। मौसम विभाग के मुताबिक, 28 अक्टूबर तक अधिकतम तापमान 30-31 डिग्री और न्यूनतम 17-18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। राहत की बात ये है कि बीते 24 घंटे में 12 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलनी शुरू हो गई हैं, जिससे एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) में कुछ सुधार दर्ज हुआ है। दिवाली के बाद से जो प्रदूषण स्तर 400 से ऊपर था, उसमें अब थोड़ी गिरावट आई है।
झारखंड में दिवाली के बाद छठ पर्व की तैयारियां जारी हैं, लेकिन मौसम विभाग के पूर्वानुमान से थोड़ी चिंता बढ़ी है। 24 अक्टूबर को आसमान साफ रहेगा, लेकिन 25 अक्टूबर से आंशिक बादल बढ़ने लगेंगे। 26 और 27 अक्टूबर को झारखंड के कई हिस्सों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। इससे छठ पूजा के दौरान मौसम में थोड़ी रुकावट आ सकती है।
उत्तर प्रदेश में बादलों और हल्की धूप की वजह से उमस बनी हुई है। मौसम विभाग ने 25 अक्टूबर तक कई जगहों पर मध्यम बारिश की संभावना जताई है। बारिश के साथ न्यूनतम तापमान में गिरावट और सुबह के वक्त हल्का कोहरा छाने का अनुमान है। इसी तरह बिहार और राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी बादलों की मौजूदगी के कारण मौसम सुहाना बना हुआ है।
बंगाल की खाड़ी में बने गहरे दबाव का असर अब तमिलनाडु, पुडुचेरी और आंध्र प्रदेश तक पहुंच रहा है। आईएमडी ने इन राज्यों में गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। पहले यह दबाव चक्रवात बनने की स्थिति में था, लेकिन जमीन के करीब आने से इसकी संरचना कमजोर पड़ गई। इसके बावजूद अगले कुछ दिनों में इन इलाकों में मूसलाधार बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहेगा।
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.