Kal ka mausam: कहीं घना कोहरा, कहीं बर्फ और बारिश, जानें कल देशभर में कैसा रहेगा मौसम

Kal ka mausam: उत्तर भारत में ठंड का असर बना हुआ है। दिल्ली में घना कोहरा और प्रदूषण परेशानी बढ़ा रहा है, जबकि जम्मू-कश्मीर में बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। पंजाब-हरियाणा में कोहरा छाया रहेगा और राजस्थान में अगले हफ्ते मौसम बदल सकता है।

Priya Shandilya
अपडेटेड17 Jan 2026, 07:41 PM IST
कल देशभर में मौसम कैसा रहेगा?
कल देशभर में मौसम कैसा रहेगा?(PTI)

Kal ka mausam: सर्दियों का मौसम पूरे उत्तर भारत में अपने चरम पर है। कहीं घना कोहरा लोगों की रफ्तार धीमी कर रहा है तो कहीं बर्फबारी और बारिश की संभावना लोगों को सतर्क कर रही है। दिल्ली से लेकर कश्मीर और राजस्थान तक मौसम विभाग ने अलग-अलग चेतावनियां जारी की हैं। आइए जानते हैं कल दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, पंजाब-हरियाणा और राजस्थान में मौसम का हाल कैसा रहने वाला है।

दिल्ली में कोहरा, ठंड और प्रदूषण की मार

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार को घने कोहरे की चादर छाई रही, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई। इसके साथ ही भीषण ठंड ने लोगों को घरों में दुबकने पर मजबूर कर दिया। मौसम विभाग ने शीत लहर और घने कोहरे को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।

प्रदूषण की बात करें तो दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक शनिवार सुबह आठ बजे आनंद विहार में एक्यूआई 450 दर्ज किया गया, जबकि चांदनी चौक-दिल्ली आईआईटीएम में यह 435 तक पहुंच गया। खराब दृश्यता के चलते इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर कई उड़ानों में देरी की सूचना है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी फ्लाइट की स्थिति जरूर जांच लें।

जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी के आसार

जम्मू-कश्मीर में न्यूनतम तापमान में गिरावट के साथ ठंड का प्रकोप तेज हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में खासतौर पर ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। लगातार सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के चलते घाटी में रुक-रुक कर मौसम बिगड़ने के संकेत हैं।

शनिवार और रविवार को ऊंचे इलाकों में हल्की बर्फबारी संभव है। वहीं 19 और 20 जनवरी को हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी की संभावना जताई गई है। 21 जनवरी को भी कुछ चुनिंदा इलाकों में हल्की बर्फ पड़ सकती है, जबकि 23 और 24 जनवरी के बीच चेनाब घाटी, पीर-पंजाल और दक्षिण कश्मीर के कुछ हिस्सों में भारी बारिश या बर्फबारी के आसार हैं।

पंजाब-हरियाणा में पारा थोड़ा ऊपर, लेकिन ठंड कायम

पंजाब और हरियाणा में पिछले दो दिनों में तापमान में हल्की बढ़ोतरी जरूर हुई है, लेकिन कई जगहों पर पारा अब भी सामान्य से नीचे बना हुआ है। सुबह के समय घना कोहरा लोगों के लिए सबसे बड़ी परेशानी बना हुआ है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो रहा है।

राजस्थान में राहत के बाद फिर बारिश के संकेत

राजस्थान में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी से लोगों को शीतलहर से कुछ राहत मिली है। हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार अगले हफ्ते राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। जयपुर मौसम केंद्र का कहना है कि 22 से 24 जनवरी के बीच एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है।

इसके असर से 22 और 23 जनवरी को जोधपुर, बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र में मेघ गर्जन और आकाशीय बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं 23 से 24 जनवरी के बीच जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ हिस्सों में भी ऐसा ही मौसम रहने के आसार हैं।

विथ इनपुट्स फ्रॉम एजेंसीज

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़ट्रेंड्सKal ka mausam: कहीं घना कोहरा, कहीं बर्फ और बारिश, जानें कल देशभर में कैसा रहेगा मौसम
More
बिजनेस न्यूज़ट्रेंड्सKal ka mausam: कहीं घना कोहरा, कहीं बर्फ और बारिश, जानें कल देशभर में कैसा रहेगा मौसम