Aaj ka Mausam: नए साल से पहले पहाड़ों में बर्फबारी तो दिल्ली में बारिश का अलर्ट, कई राज्यों में बढ़ेगी ठंड

Aaj ka mausam: देश के कई हिस्सों में घना कोहरा, कड़ाके की ठंड और बारिश-बर्फबारी का असर दिखने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक नए साल से पहले पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी, उत्तर भारत में घना कोहरा और कई राज्यों में ठंड का प्रकोप बढ़ सकता है। IMD ने कोल्ड डे और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है।

Priya Shandilya
पब्लिश्ड31 Dec 2025, 06:42 AM IST
सोमवार को सोनमर्ग में ताजा बर्फबारी का लुत्फ उठाते लोग।
सोमवार को सोनमर्ग में ताजा बर्फबारी का लुत्फ उठाते लोग। (ANI)

Aaj ka mausam: नए साल से ठीक पहले देश के कई हिस्सों में मौसम ने करवट ले ली है। कहीं घना कोहरा लोगों की रफ्तार रोक रहा है, तो कहीं बर्फबारी और ठंडी हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तर भारत के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बिगड़ा रह सकता है।

दिल्ली में आज का मौसम

आज दिल्ली में मौसम का मिजाज बदल सकता है। मौसम विभाग ने 31 दिसंबर को मौसम खराब रहने की चेतावनी दी है। IMD की मानें तो दिल्ली में नए साल की शुरुआत बारिश के साथ हो सकती है। अनुमान है कि दिन का तापमान करीब 20 डिग्री रहेगा, रात में 10 डिग्री तक गिर सकता है और सुबह के वक्त यह 8-9 डिग्री तक पहुंच सकता है।

पहाड़ों में बर्फ और मैदानों में बारिश

मौसम विभाग के अनुसार जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और आसपास के इलाकों में 1 जनवरी 2026 तक भारी बारिश और बर्फबारी की पूरी संभावना है। वहीं हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी देखने को मिल सकती है। पहाड़ी इलाकों में सफर करने वालों को खास सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

यूपी, बिहार से लेकर पंजाब तक कोहरे की चादर

पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में घना से बहुत घना कोहरा छाने वाला है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी 1 जनवरी तक कोहरे का असर रहेगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, उत्तर पश्चिमी यूपी में नए साल क दिन बारिश होने की आशंका है। वहीं बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भी सुबह-सुबह घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है।

कई राज्यों में कोल्ड डे

बिहार के कई इलाकों में आज 31 दिसंबर को बेहद ठंडे दिन की स्थिति बने रहने की संभावना जताई गई है। हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश और झारखंड के कुछ हिस्सों में भी कोल्ड डे की चेतावनी है। वहीं मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में भी सर्द हवाओं का असर दिखेगा।

तापमान में उतार-चढ़ाव का दौर

उत्तर भारत में अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान 3 से 4 डिग्री तक बढ़ सकता है, लेकिन इसके बाद फिर गिरावट आने की संभावना है। मध्य भारत में हल्की बढ़ोतरी, जबकि महाराष्ट्र और गुजरात में पहले स्थिर और फिर गिरावट दर्ज की जा सकती है।

हिमालयी इलाकों में भारी बर्फबारी, उत्तर भारत में घना कोहरा और कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। ऐसे में यात्रा करने वालों और किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़ट्रेंड्सAaj ka Mausam: नए साल से पहले पहाड़ों में बर्फबारी तो दिल्ली में बारिश का अलर्ट, कई राज्यों में बढ़ेगी ठंड
More
बिजनेस न्यूज़ट्रेंड्सAaj ka Mausam: नए साल से पहले पहाड़ों में बर्फबारी तो दिल्ली में बारिश का अलर्ट, कई राज्यों में बढ़ेगी ठंड