Aaj ka mausam: दिल्ली में कोहरा तो मुंबई में बारिश! जानें आज देशभर में मौसम का हाल

Weather report: देशभर में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। जहां एक ओर दिल्ली-एनसीआर में ठंड और प्रदूषण बढ़ा है, वहीं मुंबई में दिवाली से पहले बारिश शुरू हो गई है। दक्षिण भारत में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी है।

Priya Shandilya
अपडेटेड17 Oct 2025, 06:50 AM IST
आज देशभर में कैसा रहेगा मौसम का हाल
आज देशभर में कैसा रहेगा मौसम का हाल(HT)

Aaj ka mausam: दिवाली से पहले देशभर में मौसम ने अलग-अलग रंग दिखाने शुरू कर दिए हैं। कहीं सुबह की ठंड लोगों को रजाई की याद दिला रही है, तो कहीं दिन में तेज धूप परेशान कर रही है। कुछ शहरों में बारिश राहत तो दे रही है, लेकिन ट्रैफिक और जलभराव जैसी परेशानियां भी साथ ला रही है। मौसम विभाग (IMD) ने अलग-अलग राज्यों के लिए मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है, जिसमें कोहरा, बारिश, ठंड और शुष्क हवाओं की संभावना जताई गई है।

दिल्ली-NCR में ठंड, धूप और प्रदूषण

दिल्ली-एनसीआर में सुबह हल्की ठंड हो रही है, दोपहर तेज धूप और शाम तक गर्मी का एहसास होने लगता है। रात में तापमान गिरकर 17°C तक पहुंच रहा है, जिससे ठिठुरन महसूस हो रही है। नोएडा में AQI 201, दिल्ली, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में 200 पार कर चुका है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, दिल्ली में मौसम साफ रहने का अनुमान है, हालांकि 19 से 22 अक्टूबर तक हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है।

उत्तर प्रदेश में मौसम रहेगा शुष्क

17 से 22 अक्टूबर तक यूपी के दोनों हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा। बारिश या तेज हवाओं की कोई संभावना नहीं है। हल्की उत्तर-पश्चिमी हवाएं चल सकती हैं, लेकिन तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।

उत्तराखंड में ठंड बढ़ी

उत्तराखंड में मौसम साफ है, लेकिन सुबह-शाम के तापमान में फर्क बढ़ रहा है। देहरादून में कहीं-कहीं बादल छाए रहेंगे। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और हल्की बारिश के चलते ठंड में इजाफा हुआ है।

मुंबई में बारिश का येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने मुंबई में 17 अक्टूबर के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। बारिश से गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन ठाणे, अंधेरी, बांद्रा और दक्षिण मुंबई में ट्रैफिक जाम ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं।

दक्षिण भारत में भी भारी बारिश का अलर्ट

IMD के अनुसार, तमिलनाडु में 20 अक्टूबर तक, और केरल व माहे में 21 अक्टूबर तक भारी बारिश हो सकती है। गोवा और कोंकण में 17 अक्टूबर को गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। यात्रा या काम पर निकलने वालों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़ट्रेंड्सAaj ka mausam: दिल्ली में कोहरा तो मुंबई में बारिश! जानें आज देशभर में मौसम का हाल
More
बिजनेस न्यूज़ट्रेंड्सAaj ka mausam: दिल्ली में कोहरा तो मुंबई में बारिश! जानें आज देशभर में मौसम का हाल