Aaj ka mausam: अभी नहीं मिलेगी ठंड से राहत, दिल्ली में शीतलहर जारी, जानें बाकी राज्यों में आज का मौसम

Aaj ka mausam: उत्तर भारत में शीतलहर और घना कोहरा जारी रहेगा, जबकि दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने डिप्रेशन से दक्षिण भारत में भारी बारिश और तेज हवाओं का असर होगा। राजस्थान, पंजाब, बिहार समेत कई राज्यों में ठंडे दिन और शीतलहर की चेतावनी है। 

Priya Shandilya
अपडेटेड10 Jan 2026, 06:49 AM IST
आज देशभर में कैसा रहेगा मौसम का हाल?
आज देशभर में कैसा रहेगा मौसम का हाल?(ANI)

Aaj ka mausam: उत्तर भारत में जहां ठंड, शीतलहर और घना कोहरा लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा है, वहीं दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने गहरे अवदाब ने दक्षिण भारत में मौसम को लेकर चिंता बढ़ा दी है। इसके असर से कई हिस्सों में तेज बारिश और तेज हवाएं चलने की आशंका है। मौसम विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों के लिए कई राज्यों में अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली-एनसीआर का मौसम आज कैसा रहेगा?

दिल्ली-एनसीआर में ठंड का असर फिलहाल कम होने वाला नहीं है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में भी शीतलहर जैसी स्थिति बनी रह सकती है। शुक्रवार को राजधानी ने इस सीजन की सबसे ठंडी सुबह देखी, जब तापमान रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गया और कुछ इलाकों में हल्की बारिश ने ठंड और बढ़ा दी।

यूपी से चंडीगढ़ तक घना कोहरा

उत्तर-पश्चिम भारत और बिहार में अगले 5 से 7 दिनों तक सुबह के वक्त घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में दृश्यता बेहद कम रह सकती है। इससे सड़क, रेल और हवाई यातायात पर असर पड़ सकता है।

कहीं कोल्ड डे तो कहीं कोल्ड वेव का असर

राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, बिहार और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में अगले 2–3 दिन तक ‘कोल्ड डे’ की स्थिति बनी रह सकती है। वहीं हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, ओडिशा, झारखंड, छत्तीसगढ़, बिहार और उत्तर आंतरिक कर्नाटक के अलग-अलग इलाकों में 10 से 14 जनवरी के बीच शीतलहर चलने का अलर्ट जारी किया गया है। उत्तराखंड के कुछ इलाकों में 11 जनवरी तक पाला पड़ने की आशंका जताई गई है।

बंगाल की खाड़ी में अवदाब, कई राज्यों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना डीप डिप्रेशन (अवदाब) फिलहाल काफी ताकतवर है। इसके चलते तमिलनाडु, पुडुचेरी, श्रीलंका तट, गल्फ ऑफ मन्नार और आसपास के समुद्री इलाकों में तेज हवाएं चल रही हैं। इसके चलते 10 और 11 जनवरी को अरुणाचल प्रदेश, तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। मछुआरों को समुद्र तटों के नजदीक न जाने की सलाह दी गई है।

आने वाले दिन मौसम के लिहाज से चुनौतीपूर्ण रहेंगे। उत्तर भारत में ठंड और कोहरे से सतर्क रहने की जरूरत है, जबकि दक्षिणी तटीय इलाकों में समुद्र से दूरी बनाए रखना ही सबसे सुरक्षित विकल्प है।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़ट्रेंड्सAaj ka mausam: अभी नहीं मिलेगी ठंड से राहत, दिल्ली में शीतलहर जारी, जानें बाकी राज्यों में आज का मौसम
More
बिजनेस न्यूज़ट्रेंड्सAaj ka mausam: अभी नहीं मिलेगी ठंड से राहत, दिल्ली में शीतलहर जारी, जानें बाकी राज्यों में आज का मौसम