Aaj ka mausam: छठ की तैयारी में खलल डाल सकता है मौसम, बिहार-यूपी में बारिश की संभावना

Weather today: देशभर में मौसम बदलने की संभावना है। 27 अक्टूबर से दिल्ली-एनसीआर, यूपी, बिहार और झारखंड में बारिश की आशंका जताई गई है, जबकि पहाड़ों पर बर्फबारी और दक्षिण भारत में चक्रवात का खतरा बना हुआ है। तापमान में गिरावट के साथ ठंड की शुरुआत तय है।

Priya Shandilya
पब्लिश्ड26 Oct 2025, 06:55 AM IST
देशभर में मौसम का हाल (सांकेतिक तस्वीर)
देशभर में मौसम का हाल (सांकेतिक तस्वीर)(HT)

Aaj ka mausam: त्योहारों के बीच अब मौसम ने भी करवट लेना शुरू कर दिया है। एक तरफ पहाड़ों पर बर्फबारी और ठंडी हवाएं दस्तक देने को तैयार हैं, तो वहीं मैदानों में बारिश और बादल लौट आए हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ एक बार फिर सक्रिय हो गया है, जिससे 27 अक्टूबर से दिल्ली, उत्तर भारत, बिहार और झारखंड समेत कई राज्यों में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। ऐसे में लगता है छठ महापर्व पर कई राज्यों में मौसम खलल डाल सकता है।

दिल्ली-एनसीआर में कब बदलेगा मौसम

आईएमडी के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. आर.के. जेनामणि ने बताया कि 27 अक्टूबर की शाम से दिल्ली-एनसीआर में पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखेगा। इस दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं हल्की बारिश भी हो सकती है। 28 और 29 अक्टूबर की सुबह तक यह असर बने रहने की संभावना है। तापमान में भी 1 से 2 डिग्री की गिरावट देखी जा सकती है। यानी छठ पूजा तक हल्की ठंड बढ़ सकती है।

यूपी-बिहार में छठ के वक्त बारिश की संभावना

उत्तर प्रदेश में 27 अक्टूबर से चार दिन तक बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। 26 तारीख तक मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन उसके बाद प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी इलाकों में गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं, बिहार में भी 29 से 31 अक्टूबर के बीच हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। सुबह के वक्त धुंध और कोहरा बढ़ेगा और तापमान 17 से 19 डिग्री तक गिर सकता है।

हिमाचल और उत्तराखंड में बर्फबारी की दस्तक

27 अक्टूबर से पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और बारिश के आसार हैं। उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना है, जबकि हिमाचल प्रदेश में भी कई जगहों पर बारिश और बर्फ गिर सकती है। इससे तापमान में तेजी से गिरावट आएगी और नवंबर की शुरुआत में ठंड अपने चरम पर होगी।

झारखंड में भी बारिश का येलो अलर्ट

29 और 30 अक्टूबर को झारखंड के कई जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान है। सिमडेगा, सिंहभूम, देवघर और दुमका जैसे इलाकों में अगले कुछ दिनों तक तेज बारिश हो सकती है। रांची मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवात का असर राज्य पर भी देखने को मिलेगा।

दक्षिण भारत में चक्रवाती तूफान का खतरा

बंगाल की खाड़ी में बना दबाव अब चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। मौसम विभाग ने बताया कि यह तूफान 28 अक्टूबर की सुबह तक आंध्र प्रदेश के तट से टकरा सकता है। इस दौरान हवा की रफ्तार 90 से 110 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और आंध्र प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की गई है। मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।

केरल और ओडिशा में हाई अलर्ट जारी

केरल के इडुक्की, त्रिशूर और पलक्कड़ जिलों में लगातार बारिश से बांधों का जलस्तर बढ़ गया है। मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं, ओडिशा में 27 से 29 अक्टूबर तक भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है। प्रशासन ने तटीय और पहाड़ी इलाकों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़ट्रेंड्सAaj ka mausam: छठ की तैयारी में खलल डाल सकता है मौसम, बिहार-यूपी में बारिश की संभावना
More
बिजनेस न्यूज़ट्रेंड्सAaj ka mausam: छठ की तैयारी में खलल डाल सकता है मौसम, बिहार-यूपी में बारिश की संभावना
OPEN IN APP