
Aaj ka mausam: नए साल की शुरुआत देश के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के साथ हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर भारत से लेकर पूर्वी और मध्य भारत तक अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज सख्त बना रहेगा। कई राज्यों में सुबह और रात के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जिससे आम जनजीवन के साथ-साथ यातायात भी प्रभावित हो सकता है।
दिल्ली में नए साल की शुरुआत कड़ाके की ठंड के साथ होने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी में तापमान सामान्य से नीचे चला गया है और आने वाले कुछ दिनों तक राहत के आसार नहीं हैं। 1 जनवरी को दिल्ली में हल्की बारिश के भी संकेत हैं, जिससे ठंड और ज्यादा बढ़ सकती है।
दिल्ली और आसपास के इलाकों में सुबह के वक्त घना कोहरा छाया रहा। दृश्यता काफी कम रही, जिससे सड़क और रेल यातायात पर असर पड़ा। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ दिनों तक सुबह और रात के समय कोहरा बना रह सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार ओडिशा, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में घना से बहुत घना कोहरा 5 जनवरी तक बना रह सकता है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, राजस्थान, मध्य प्रदेश और पूर्वोत्तर के राज्यों में भी सुबह के वक्त कोहरे का असर देखने को मिलेगा। पहाड़ी इलाकों जैसे जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में दृश्यता बेहद कम रहने की आशंका है।
हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में शीत लहर चलने की संभावना है। कुछ इलाकों में दिन के समय भी ठंड का एहसास रहेगा। राजस्थान और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में भी कोल्ड वेव की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सुबह और देर रात बाहर निकलते समय सावधानी बरतने की सलाह दी है।
आने वाले दिनों में उत्तर भारत में न्यूनतम तापमान में पहले हल्की बढ़ोतरी और फिर गिरावट देखने को मिलेगी। मध्य और पूर्वी भारत में भी तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। कुछ राज्यों में अगले कुछ दिनों तक ठंड से राहत नहीं मिलने वाली है।
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.