Aaj ka mausam: दिल्ली से बिहार तक बढ़ी ठिठुरन, कई राज्यों में शीतलहर, पहाड़ों पर बर्फबारी के आसार

Aaj ka mausam: देश के कई हिस्सों में ठंड, कोहरा और प्रदूषण का असर तेज हो गया है। उत्तर भारत से लेकर मध्य और पूर्वी राज्यों तक मौसम चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। आने वाले दिनों में शीतलहर और घने कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है, जिससे सतर्कता जरूरी है।

Priya Shandilya
पब्लिश्ड13 Dec 2025, 06:55 AM IST
आज देशभर में कैसा रहेगा मौसम का हाल?
आज देशभर में कैसा रहेगा मौसम का हाल?(HT)

Aaj ka mausam: दिसंबर की ठंड अब साफ तौर पर महसूस होने लगी है। कई राज्यों में सुबह का कोहरा, बढ़ता प्रदूषण और ठंडी हवाएं लोगों के लिए परेशानी बन रही हैं। मौसम विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक, आने वाले दिनों में भी मौसम ऐसा ही बना रह सकता है और कई जगहों पर सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

दिल्ली-एनसीआर में ठंड और प्रदूषण की मार

दिल्ली-NCR में सर्दी की शुरुआत के साथ ही हवा की हालत भी बिगड़ती नजर आ रही है। सुबह के समय कई इलाकों में धुंध और प्रदूषण की वजह से रास्ता साफ दिखाई नहीं दे रहा, जिससे ड्राइविंग और रोज का सफर मुश्किल हो गया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आज 13 दिसंबर को दिल्ली में सुबह के समय हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा बना रह सकता है। दिन चढ़ने के साथ आसमान में हल्के बादल दिख सकते हैं। तापमान की बात करें तो दिन में पारा 22–24 डिग्री सेल्सियस और रात में 10–12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

उत्तर प्रदेश में सुबह-शाम कोहरा

उत्तर प्रदेश में मौसम फिलहाल सूखा रहने वाला है, लेकिन कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है। पश्चिमी यूपी के तराई इलाकों में कुछ जगहों पर घना से बेहद घना कोहरा छाने की संभावना जताई गई है। वहीं राज्य के पूर्वी हिस्सों में भी सुबह के वक्त धुंध की चादर देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग ने पहले ही 16 दिसंबर तक कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया है। हालांकि 18 दिसंबर तक आसमान साफ रहने की उम्मीद है, लेकिन रात और सुबह के समय सावधानी बरतना जरूरी माना जा रहा है।

बिहार में कैसा रहेगा मौसम?

बिहार में तेज पछुआ हवाओं ने ठंड को और ज्यादा तीखा बना दिया है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो से तीन दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं। राज्य के अधिकतर जिलों में सुबह और शाम के वक्त हल्का से मध्यम कोहरा छाया रह सकता है, जिससे ठंड का अहसास और गहरा हो जाएगा।

कर्नाटक से ओडिशा तक, शीतलहर का अलर्ट

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि नॉर्थ इंटीरियर कर्नाटक में 13 से 15 दिसंबर तक शीतलहर की स्थिति बनी रह सकती है। वहीं साउथ इंटीरियर कर्नाटक, तेलंगाना, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में भी 13 और 14 दिसंबर को ठंड का असर दिखेगा। कुछ इलाकों में गंभीर शीतलहर की आशंका भी जताई गई है।

कई राज्यों में विजिबिलिटी होगी कम

पूर्वोत्तर राज्यों के साथ-साथ पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। यह स्थिति अलग-अलग राज्यों में 13 से 18 दिसंबर तक बनी रह सकती है, जिससे ट्रैफिक और ट्रांसपोर्ट पर असर पड़ सकता है।

बर्फबारी-बारिश का अनुमान

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों जैसे, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख में 13 से 18 दिसंबर के बीच हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है। वहीं, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में 14 दिसंबर को बारिश-बर्फबारी हो सकती है। इसके अलावा अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़ट्रेंड्सAaj ka mausam: दिल्ली से बिहार तक बढ़ी ठिठुरन, कई राज्यों में शीतलहर, पहाड़ों पर बर्फबारी के आसार
More
बिजनेस न्यूज़ट्रेंड्सAaj ka mausam: दिल्ली से बिहार तक बढ़ी ठिठुरन, कई राज्यों में शीतलहर, पहाड़ों पर बर्फबारी के आसार