Aaj ka Mausam: खून जमा देने वाली पड़ेगी ठंड! यूपी-बिहार समेत इन राज्यों में कोल्ड डे अलर्ट, दक्षिण भारत में बारिश के आसार

Aaj ka mausam: देश के कई हिस्सों में अगले एक हफ्ते तक घना कोहरा, ठंडा दिन और शीतलहर बनी रह सकती है। उत्तर भारत में तापमान गिरने के आसार हैं, जबकि दक्षिण भारत में बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

Priya Shandilya
अपडेटेड7 Jan 2026, 06:42 AM IST
आज कैसा रहेगा देशभर में मौसम का हाल?
आज कैसा रहेगा देशभर में मौसम का हाल?(HT)

Aaj ka mausam: मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए कई राज्यों में घना कोहरा, कोल्ड डे और शीतलहर की चेतावनी दी है। साथ ही दक्षिण भारत में बारिश की संभावना जताई गई है। आने वाले 5 से 7 दिन कई राज्यों के लिए मौसम के लिहाज से चुनौतीपूर्ण रहने वाले हैं।

दिल्ली में और बढ़ेगी ठंड

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत के कई हिस्सों में अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान 2–3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। दिल्ली और आसपास के इलाकों में भी ठंड बढ़ने के संकेत हैं। मध्य और पूर्वी भारत में फिलहाल तापमान में बड़ा बदलाव नहीं दिखेगा, लेकिन इसके बाद हल्की बढ़ोतरी संभव है। महाराष्ट्र और गुजरात में भी धीरे-धीरे तापमान ऊपर जा सकता है।

उत्तर और पूर्व भारत में कोहरे की चादर

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत में सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा अगले 5–7 दिनों तक बना रह सकता है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश में कई जगह विजिबिलिटी काफी कम रहने की आशंका है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है।

यूपी-बिहार समेत इन राज्यों में कोल्ड डे

7 जनवरी को उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, बिहार और उत्तर प्रदेश में ठंडे दिन जैसी स्थिति बन सकती है। वहीं पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 8 जनवरी तक यही हाल रहने की संभावना है। शीतलहर की बात करें तो पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और ओडिशा में 7 से 9 जनवरी के बीच ठंड और तेज होगी। राजस्थान में 8 से 11 जनवरी तक और मध्य प्रदेश, विदर्भ, झारखंड व छत्तीसगढ़ में भी कुछ दिनों तक सर्द हवाओं का असर दिखेगा।

उत्तराखंड-हिमाचल में मौसम का हाल

उत्तराखंड के कुछ इलाकों में 7 जनवरी को जमीन पर पाला पड़ने की संभावना जताई गई है। वहीं जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, बिहार, असम, मेघालय और पूर्वोत्तर के राज्यों में भी अलग-अलग दिनों तक कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है।

दक्षिण भारत में बारिश का दौर

तमिलनाडु और केरल में 9 से 11 जनवरी के बीच हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक देखने को मिल सकती है। तमिलनाडु में 9 और 10 जनवरी को कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी है, जबकि केरल और माहे में भी 10 जनवरी को तेज़ बारिश हो सकती है।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़ट्रेंड्सAaj ka Mausam: खून जमा देने वाली पड़ेगी ठंड! यूपी-बिहार समेत इन राज्यों में कोल्ड डे अलर्ट, दक्षिण भारत में बारिश के आसार
More
बिजनेस न्यूज़ट्रेंड्सAaj ka Mausam: खून जमा देने वाली पड़ेगी ठंड! यूपी-बिहार समेत इन राज्यों में कोल्ड डे अलर्ट, दक्षिण भारत में बारिश के आसार