Kal ka mausam: पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता की वजह से उत्तर भारत के कई राज्यों में मौसम करवट लेने वाला है। आइए जानें दिल्ली से लेकर कश्मीर और हिमाचल तक कल का मौसम कैसा रहने वाला है।
कल कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम?
दिल्ली की हवा में बुधवार सुबह हल्का सुधार जरूर देखा गया, लेकिन वायु गुणवत्ता अभी भी ‘बहुत खराब’ श्रेणी में बनी हुई है। मौसम भी ज्यादा राहत देने के मूड में नहीं है। न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है, जबकि अधिकतम तापमान करीब 24 डिग्री तक जा सकता है। सुबह और रात के वक्त मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना है, जिससे विजिबिलिटी पर असर पड़ सकता है।
यूपी में ठंड के बाद बारिश की एंट्री
उत्तर प्रदेश में अगले 24 घंटों में तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार यूपी में 22 जनवरी से मौसम पूरी तरह बदल सकता है। लगातार दो पश्चिमी विक्षोभों के असर से पहले पश्चिमी यूपी में देर रात बारिश शुरू होने की संभावना है, जो 23 जनवरी को पूरे प्रदेश में फैल सकती है। 24 जनवरी को बारिश कमजोर पड़ेगी और 25 जनवरी से मौसम फिर शुष्क हो सकता है।
उत्तराखंड में भारी बारिश और हिमपात का अलर्ट
उत्तराखंड के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में शुक्रवार को भारी बारिश और बर्फबारी की आशंका जताई गई है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा राज्य के अन्य हिस्सों में येलो अलर्ट है, जहां तेज हवाओं, बिजली चमकने और गर्जना के साथ बारिश हो सकती है।
पंजाब-हरियाणा में बारिश-ओलावृष्टि के आसार
पंजाब और हरियाणा में शीतलहर का असर अब भी जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक 22 से 24 जनवरी के बीच कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है। पंजाब में 23 जनवरी को ज्यादातर जगहों पर बारिश की संभावना है, जबकि हरियाणा और चंडीगढ़ में भी कई इलाकों में बारिश हो सकती है।
कश्मीर के तापमान में सुधार, लेकिन बर्फबारी की संभावना
कश्मीर में न्यूनतम तापमान में हल्का सुधार हुआ है और लंबे समय से चला आ रहा सूखा मौसम अब खत्म होने के संकेत दे रहा है। आने वाले सप्ताह में दो पश्चिमी विक्षोभों के असर से घाटी में बारिश और व्यापक बर्फबारी हो सकती है। मैदानी इलाकों में भी बर्फ गिरने की संभावना जताई गई है, जिससे लोगों और पर्यटकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
हिमाचल में तीन महीने के सूखे के बाद राहत की उम्मीद
मौसम विभाग के अनुसार हिमाचल प्रदेश में मौसम बदलने वाला है। शुक्रवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। ऊपरी इलाकों में बर्फबारी और मध्य व निचले पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश हो सकती है। विभाग के अनुसार खराब मौसम 28 जनवरी तक बना रह सकता है, जिससे लंबे सूखे के बाद राहत मिलने की उम्मीद है।