
Weather Updates: सितंबर का महीना खत्म होने के कगार पर पहुंच गया है। आमतौर पर इस समय बारिश बंद हो जाती है। हल्की ठंडी हवाओं का दौर शुरू हो जाता है। लेकिन देश के कई राज्यों में मौसम इसके विपरीत है। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में भारी बारिश से लोगों की हालत खराब है। महाराष्ट्र मराठवाड़ा जिलों में भारी बारिश हो रही है। इधर मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मानसून के वापसी के संकेत दिए हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक, एक सुस्पष्ट कम दबाव क्षेत्र पश्चिम विदर्भ और उससे सटे उत्तर मध्य महाराष्ट्र के ऊपर बना हुआ है। इसके प्रभाव से कोंकण, मध्य महाराष्ट्र, और गुजरात राज्य में कुछ स्थानों पर 1 अक्तूबर तक बारिश हो सकती है। आइये जानते हैं आपके राज्य में कैसा रहेगा मौसम का हाल
मौसम विभाग के अनुसार, 30 सितंबर से 3 अक्टूबर तक लखनऊ और आसपास समेत पूर्वी यूपी में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। वहीं आज (29 सितंबर 2025) मथुरा, हापुड़, अलीगढ़, एटा, मैनपुरी, फिरोजाबाद, झांसी, ललितपुर, हमीरपुर, महोबा, बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, मिर्जापुर, सोनभद्र, प्रतापगढ़, कानपुर, कन्नौज, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, बाराबंकी, अयोध्या, मऊ, सिद्धार्थनगर, महराजगंज, बलरामपुर, सीतापुर, और बहराइच में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया गया है। इसके अलावा, इन जिलों में तेज हवा के साथ बिजली भी गिर सकती है। राज्य के कई जिलों में दशहरे के दिन भी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में आज (29 सितंबर) आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। दिल्ली-एनसीआर में 30 सितंबर और 1 अक्टूबर को हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री तक रह सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। न्यूनतम तापमान अपने सामान्य स्तर से 2-4 डिग्री सेल्सियस अधिक रहेगा, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से 1-2 डिग्री सेल्सियस ऊपर रहेगा।
मुंबई में भारी बारिश की वजह से आसपास के जिलों में भारी जल जमाव की समस्या आई है। मुंबई से सटे ठाणे, पालघर, रायगढ़, और रत्नगिरी जिले में बारिश से हाल बेहाल हैं। सड़के पानी से लबालब भर गईं हैं। जिससे ट्रैफिक की समस्या खडी हो गई है। मुंबई महानगर पालिका ने लोगों से अपील की है कि बेहद जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलें। मौसम विभाग ने मुंबई, नासिक, ठाणे, पालघर, रायगढ़ और पुणे के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं मुंबई शहर और उपनगरों में मध्यम बारिश के येलो अलर्ट जारी किया गया है। ठाणे और रायगढ़ को ऑरेंज अलर्ट पर रखा गया है। 30 सितंबर तक भारी बारिश का अनुमान जताया गया है।
नासिक में गोदावरी नदी भारी बारिश के कारण खतरे के निशान के करीब पहुंच गई है। रामकुंड क्षेत्र के कई छोटे मंदिर, जिनमें प्रसिद्ध दुतोंद्या मारुति मूर्ति और गोदा घाट क्षेत्र शामिल हैं, पहले ही जलमग्न हो चुके हैं। ज़िला प्रशासन हाई अलर्ट पर है और आगे बाढ़ को रोकने के लिए सुरक्षा उपाय के किए जा रहे हैं। वहीं धारशिव और नांदेड़ जिले में लोग बाढ़ का सामना कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से धारशिव जिले में बाढ़ग्रस्त इलाकों से 3,600 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित ठिकानों पर पहुंचा दिया गया है। इसी तरह नांदेड़ जिले में करीब 970 लोगों को सुरक्षित ठिकानों पर पहुंचाया गया है। PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, नांदेड़ जिले में गोदावरी नदी का जलस्तर मौजूदा समय में 354 मीटर पर बह रहा है।
मुंबई और पालघर समेत कई ज़िलों में स्कूल और कॉलेज सोमवार, 29 सितंबर को बंद रहेंगे। सरकार ने जोर देकर कहा है कि स्कूलों को फिर से खोलने का फैसला मौसम की स्थिति के आधार पर लिया जाएगा। ठाणे और पालघर में नदियों के बढ़ते जलस्तर से प्रशासन के माथे पर चिंता की लकीरें खिंच गई हैं। संवेदनशील इलाकों से निवासियों को हटाने की तैयारी की जा रही है। रत्नागिरी और रायगढ़ ज़िलों में लैंडस्लाइड की खबरें भी सामने आई हैं। आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए राहत और बचाव दल तैनात कर दिया गया है।
बिहार में पिछले एक हफ्ते से उमस भरी गर्मी से लोग परेशान हैं। हालांकि अगले दो दिनों तक राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में 1 से 4 अक्टूबर के बीच कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है और 3–4 अक्टूबर को कुछ जगहों पर मूसलाधार बारिश हो सकती है। जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं।