What is WhatsApp Scam Alert: साइबर ठगी के मामले देश में काफी ज्यादा बढ़ गए हैं। साइबर ठग वॉट्सऐप पर तस्वीर, लिंक भेजकर सबसे ज्यादा लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। ऐसे में अब WhatsApp ने अपने यूजर्स की सुरक्षा के लिए एक नया फीचर लॉन्च किया है। इसे फिलहाल कुछ एंड्रॉयड बीटा यूजर्स के लिए रोलआउट किया गया है। आइए जानते हैं कैसे ये आपको साइबर ठगी का शिकार होने से बचाएगा।
क्या है WhatsApp का स्कैम अलर्ट फीचर?
वॉट्सऐप का ये फीचर साइबर ठगों की शामत लाने वाला है। WABetaInfo की रिपोर्ट के मुताबिक, वॉट्सऐप के एंड्रॉयड बीटा वर्जन 2.26.34.1 पर कुछ चुनिंदा यूजर्स को ये फीचर दिया गया है। इसका मकसद अनजान नंबर से आने वाले मैसेज को स्कैन करके पता लगाना है कि ये स्कैम का हिस्सा है या नहीं।
अगर सिस्टम को मैसेज में किसी भी तरह का कोई स्कैम का शक होगा, तो तुरंत चैट में एक चेतावनी का मैसेज दिख जाएगा। इसके बाद यूजर्स को पता चल जाएगा कि यहां वो स्कैम का शिकार हो सकता है, तो वो उस नंबर को ब्लॉक या रिपोर्ट कर पाएगा।
कैसे ऑन होगा Scam Alert का फीचर?
WhatsApp के इस फीचर को ऑन करने का ऑप्शन यूजर के पास होगा। इसे ऑन करने के लिए सबसे पहले WhatsApp की सेटिंग में जाना होगा। उसके बाद अकाउंट में जाकर Scam Alert का ऑप्शन दिखेगा। उसे ऑन करने के बाद ये फीचर ऑन हो जाएगा।
नोट- अगर कभी गलती से WhatsApp ने किसी भरोसेमंद नंबर को स्कैम में मार्क किया है, तो यूजर के पास ऑप्शन होगा कि वो उसे Trusted मार्क कर सकेगा। इसके बाद उस नंबर से चैट करने पर Scam Alert का नोटिफिकेशन नहीं आएगा।
बता दें कि अभी ये फीचर सिर्फ एंड्रॉयड बीटा यूजर्स को दिया गया है। अगर टेस्टिंग सफल होती है, तो आने वाले समय में इसे सभी के लिए रोलआउट किया जा सकता है। ऐसा करने से WhatsApp के जरिए होने वाली साइबर ठगी की वारदातों को कम किया जा सकता है।
WhatsApp को कैसे पता चलेगा कि AI सही काम कर रहा है?
स्कैम अलर्ट का फीचर सही से काम कर रहा है या नहीं, इसका पता लगाने के लिए वाट्सऐप चेक करेगा कि कितनी बार AI ने चेतावनी दिखाई और उसके बाद यूजर ने क्या कार्रवाई की। जैसे चैट को भरोसेमंद माना, व्यक्ति को ब्लॉक किया या रिपोर्ट किया।कंपनी के अनुसार, इन आंकड़ों का इस्तेमाल मॉडल की सटीकता और गलत चेतावनियों को समझने के लिए किया जाएगा।