Teddy Day 2026: वैलेंटाइन वीक हर साल प्यार के अलग-अलग रूपों का जश्न मनाने का समय होता है। इस हफ्ते में छोटे लेकिन खास तरीकों से अपने जज़्बात जाहिर किए जाते हैं। यह हफ्ता 7 फरवरी को रोज डे से शुरू होकर 13 फरवरी को किस डे पर खत्म होता है। इन सभी दिनों में टेडी डे सबसे प्यारा और सुकून देने वाला दिन माना जाता है।
वैलेंटाइन वीक का चौथा दिन टेडी डे गर्मजोशी, अपनापन और बिना शब्दों के प्यार जताने का प्रतीक है। हर साल टेडी डे 10 फरवरी को मनाया जाता है। साल 2026 में टेडी डे मंगलवार को पड़ेगा। यह चॉकलेट डे के बाद और प्रॉमिस डे से पहले आता है, इसलिए यह प्यार, देखभाल और भावनात्मक जुड़ाव दिखाने का सही मौका होता है।
जानें इतिहास
टेडी डे की शुरुआत टेडी बियर के इतिहास से जुड़ी है। टेडी बियर का नाम अमेरिका के राष्ट्रपति थियोडोर रूज़वेल्ट के नाम पर पड़ा, जिनका निकनेम “टेडी” था। साल 1902 में एक शिकार के दौरान उन्होंने बंधे हुए भालू को मारने से इनकार कर दिया था।
इस दयालु घटना पर एक कार्टून बना, जिससे प्रेरित होकर खिलौना बनाने वाले मॉरिस मिकटम ने “टेडी बियर” बनाया। धीरे-धीरे टेडी बियर आराम, सुरक्षा और भावनात्मक सुकून का प्रतीक बन गया। इसी वजह से टेडी डे को वैलेंटाइन वीक में शामिल किया गया।
जानिए टेडी डे का महत्व
टेडी डे सिर्फ एक सॉफ्ट टॉय गिफ्ट करने का दिन नहीं है। टेडी बियर प्यार, सुरक्षा, मासूमियत और बिना शर्त साथ का प्रतीक है। जब कोई अपने पार्टनर को टेडी देता है, तो इसका मतलब होता है कि वह हर हाल में उसके साथ है।
यह एक खामोश वादा होता है कि मुश्किल वक्त में भी साथ नहीं छोड़ेगा। कई कपल इस दिन हाथ से लिखा नोट, कैंडल डिनर या टेडी थीम सरप्राइज भी प्लान करते हैं। टेडी डे हमें यह याद दिलाता है कि प्यार हमेशा बड़े दिखावे का मोहताज नहीं होता, कभी-कभी सबसे नरम एहसास ही सबसे गहरी छाप छोड़ जाते हैं।