Who is Aaqib Dar: आईपीएल 2026 की नीलामी में जम्मू-कश्मीर के अनकैप्ड तेज गेंदबाज आकिब डार ने सबका ध्यान खींचा। 30 लाख रुपए के बेस प्राइज के साथ उतरे आकिब पर दिल्ली कैपिटल्स ने 8.40 करोड़ रुपए खर्च कर उन्हें अपने स्क्वॉड में शामिल किया। यह रकम उनके बेस प्राइस से करीब 28 गुना अधिक रही। बोली की शुरुआत राजस्थान रॉयल्स के साथ हुई, जो 95 लाख तक गई। इसके बाद आरसीबी ने 1.90 करोड़ तक बोली बढ़ाई, लेकिन अंत में सनराइजर्स हैदराबाद को पछाड़ते हुए दिल्ली कैपिटल्स ने यह डील अपने नाम कर ली।
आकिब डार पांचवें सबसे महंगे अनकैप्ड खिलाड़ी
इस डील के साथ ही आकिब डार आईपीएल इतिहास के संयुक्त रूप से पांचवें सबसे महंगे अनकैप्ड खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले 2019 में किंग्स इलेवन पंजाब ने वरुण चक्रवर्ती को 8.40 करोड़ रुपए में खरीदा था। आकिब हाल के वर्षों में भारतीय घरेलू क्रिकेट के सबसे प्रभावशाली रेड-बॉल गेंदबाजों में शामिल रहे हैं। उन्होंने सिर्फ 19.98 की औसत से 125 फर्स्ट-क्लास विकेट लिए हैं, जिसमें 12 बार पांच विकेट और तीन बार 10 विकेट हॉल शामिल हैं। 2024 से अब तक रणजी ट्रॉफी में उनसे ज्यादा विकेट किसी भी तेज गेंदबाज ने नहीं लिए हैं।
यॉर्कर डालने में माहिर हैं आकिब डार
व्हाइट-बॉल क्रिकेट में भी आकिब डार ने खुद को साबित किया है। लिस्ट-A में उनके नाम 42 विकेट और T20 क्रिकेट में 40 विकेट दर्ज हैं। नई गेंद से स्विंग, डेथ ओवर्स में सटीक यॉर्कर और दबाव में गेंदबाजी उनकी बड़ी ताकत है। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उन्होंने 5 मैचों में 11 विकेट झटके, जिसमें बिहार के खिलाफ 4/16 का स्पेल खास रहा। दिल्ली के खिलाफ रणजी मैच में एक ही ओवर में दो शानदार विकेट लेकर वह चर्चा में आए थे।
प्रशांत वीर सबसे महंगे अनकैप्ड खिलाड़ी
आईपीएल 2026 के मिनी ऑक्शन में उत्तर प्रदेश के 20 वर्षीय बाएं हाथ के स्पिनर ऑलराउंडर प्रशांत वीर आईपीएल इतिहास का सबसे महंगे अनकैप्ड खिलाड़ी बने हैं। 30 लाख रुपए के बेस प्राइस के साथ उतरे प्रशांत वीर को 14.20 करोड़ रुपए में चेन्नई सुपर किंग्स ने खरीदा है। इसके साथ ही, प्रशांत वीर ने 2022 में आवेश खान के 10 करोड़ रुपए वाले रिकॉर्ड को तोड़ दिया है।