Alireza Tangsiri: पश्चिम एशिया में जारी जंग के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है। इजरायली मीडिया ने दावा किया है कि ईरान के एक अहम सैन्य अधिकारी की मौत हो गई है। यह दावा वहां के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज (Israel Katz) के बयान के हवाले से किया गया है, जिसमें कहा गया है कि IRGC के इस ताकतवर कमांडर को मार गिराया गया है। अगर यह खबर सही साबित होती है, तो इसे ईरान के लिए अब तक का सबसे बड़ा सैन्य झटका माना जा सकता है। हालांकि, इस पूरे मामले पर अभी तक इजरायली सेना की तरफ से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
बंदर अब्बास में हुआ हमला?
रिपोर्ट्स के अनुसार, बंदर अब्बास में एक हमले के दौरान तंगसिरी मारे गए। एक इजराइली अधिकारी ने 'द टाइम्स ऑफ इजरायल' से बातचीत में दावा किया कि यह वही शख्स थे, जो होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद कराने के फैसले के पीछे थे। अगर यह सच साबित होता है, तो यह इस युद्ध में एक बड़ा मोड़ माना जाएगा।
कौन थे अलीरेजा तंगसिरी?
रियर एडमिरल अलीरेजा तंगसिरी अगस्त 2018 से IRGC की नेवल डिवीजन की कमान संभाल रहे थे। वे ईरान की समुद्री रणनीति के सबसे मुख्य स्तंभ माने जाते थे। तंगसिरी वही अधिकारी थे जिन्हें दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल मार्ग, हॉर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने की धमकियों और वहां की सुरक्षा रणनीति का मास्टरमाइंड माना जाता था। फारस की खाड़ी में इजरायल और अमेरिकी जहाजों को चुनौती देने में उनकी अहम भूमिका रही है।
अब तक मारे गए ईरान के ये टॉप अधिकारी
अगर तंगसिरी की मौत की पुष्टि होती है, तो यह इजरायल द्वारा ईरानी नेतृत्व के खिलाफ किए जा रहे सफाये की लिस्ट में एक और बड़ा नाम होगा। युद्ध की शुरुआत में ही संयुक्त अमेरिकी-इजरायली हमलों में अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत की खबरें आई थीं। इसके बाद हाल ही में ईरान के सुरक्षा प्रमुख अली लारीजानी और ऊर्जा मंत्री इस्माइल खतीब भी इजरायली हमलों में मारे जा चुके हैं। तंगसिरी की मौत की खबर इसी कड़ी का हिस्सा मानी जा रही है, जो ईरान के रक्षा तंत्र को पूरी तरह हिला देने की कोशिश है।
पहले भी उड़ चुकी है अलीरेजा की मौत की खबर
दिलचस्प बात यह है कि जनवरी 2026 में भी बंदर अब्बास इलाके में एक विस्फोट के बाद तंगसिरी के मारे जाने की खबरें उड़ी थीं। उस समय ईरान की सरकारी न्यूज एजेंसी 'तस्नीम' ने IRGC का बयान जारी कर इन खबरों को सिरे से खारिज कर दिया था और कहा था कि कमांडर पूरी तरह सुरक्षित हैं। लेकिन इस बार इजरायली मीडिया जिस दावे के साथ रिपोर्ट कर रहा है, उसने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हलचल पैदा कर दी है।
क्या होगा इस घटना का अंजाम?
होर्मुज जलडमरूमध्य जैसे संवेदनशील इलाके की जिम्मेदारी संभालने वाले कमांडर की मौत से वैश्विक तेल आपूर्ति पर बड़ा असर पड़ सकता है। फिलहाल इस पूरी खबर पर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। अगर यह दावा सही निकलता है, तो यह पश्चिम एशिया के इस संघर्ष को और ज्यादा खतरनाक मोड़ दे सकता है।