
Ashley Tellis News: भारत के मामलों के जानकार एश्ले टेलिस इन दिनों बड़ी मुसीबत में फंस गए हैं। उन्हें चीन के लिए जासूसी करने के आरोप में FBI ने गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि टेलिस ने अमेरिका के टॉप सीक्रेट दस्तावेजों को घर में अवैध रूप से रखा हुआ था और उन्हें बाहर भी लेकर गए थे। अब उन्हें FBI ने चीनी अधिकारियों से मिलने के आरोप में अरेस्ट कर दिया है। आइए जानते हैं कौन हैं भारतीय मूल के एश्ले जे. टेलिस
एश्ले टेलिस का जन्म मुंबई में हुआ था। उन्होंने बॉम्बे विश्वविद्यालय के सेंट जेवियर्स कॉलेज से स्नातक पूरा किया। उसके बाद शिकागो यूनिवर्सिटी से राजनीति विज्ञान में डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त की। टेलिस ने नई दिल्ली में अमेरिकी राजदूत के वरिष्ठ सलाहकार के तौर पर भी काम किया है। इतना ही नहीं उन्होंने जॉर्ज डब्ल्यू बुश प्रशासन के असैन्य परमाणु समझौते पर बातचीत में मदद की थी।
FBI ने टेलिस को 18 यूएससी धारा 793(ई) का उल्लंघन करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। उन पर आरोप है कि साल 2022 से 2025 के बीच उन्होंने कई बार चीनी अधिकारियों से अवैध तरीके से मुलाकात की। इतना ही नहीं उन्होंने सितंबर 2025 में चीनी अधिकारियों से मुलाकात के बाद उन्हें लाल कलर का बैग भी गिफ्ट किया। अब उस बैग में क्या था, इसके बारे में एफबीआई उनसे पूछताछ कर रही है।
अगर टेलिस पर लगाए गए सभी आरोप सच साबित हुए, तो उनको 10 साल तक की जेल, 250,000 डॉलर का जुर्माना के सजा होगी। हालांकि सरकार जब तक टेलिस पर लगे आरोप सिद्ध नहीं हो जाते है, तब तक वो निर्दोष माने जाएंगे।
एफबीआई ने जब टेलिस के घर की छानबीन की, तो उन्हें अति गोपनीय या गुप्त चिह्नित 1,000 से अधिक पन्ने के दस्तावेज मिले हैं। FBI के हलफनामे में कहा कि उनको ये सारे कागज एक तहखाने में बंद फाइल कैबिनेट में एक डेक्स पर मिले, इसके अलावा कुछ कागज तीन बडे़ कूड़े के थैलों में मिले थे।