Who is Prashant Veer: आईपीएल 2026 के मिनी ऑक्शन में उत्तर प्रदेश के 20 वर्षीय बाएं हाथ के स्पिनर ऑलराउंडर प्रशांत वीर ने इतिहास रच दिया। 30 लाख रुपए के बेस प्राइस के साथ उतरे प्रशांत पर ऐसी बोली लगी कि कुछ ही मिनटों में कीमत 14.20 करोड़ रुपए तक पहुंच गई। चेन्नई सुपर किंग्स ने उन्हें खरीदकर आईपीएल इतिहास का सबसे महंगा अनकैप्ड खिलाड़ी बना दिया। इस बोली के साथ ही उन्होंने 2022 में आवेश खान के 10 करोड़ रुपए वाले रिकॉर्ड को तोड़ दिया।
प्रशांत वीर को 14.20 करोड़ में CSK ने खरीदा
प्रशांत वीर के लिए ऑक्शन में जबरदस्त बिडिंग वॉर देखने को मिला। शुरुआत में लखनऊ सुपर जायंट्स और मुंबई इंडियंस ने आक्रामक बोली लगाई। MI के हटते ही CSK ने कमान संभाली और बोली 4.2 करोड़ तक पहुंच गई। राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद की एंट्री के बाद कीमत तेजी से 14 करोड़ तक पहुंची। माहौल गरम था, लेकिन चेन्नई सुपर किंग्स ने 14.20 करोड़ की निर्णायक बोली लगाकर प्रशांत वीर को अपने नाम कर लिया।
कौन हैं प्रशांत वीर?
उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले से आने वाले प्रशांत वीर ने यूपी T20 लीग के जरिए पहचान बनाई थी। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025-26 में उन्होंने 7 मैचों में 112 रन और 9 विकेट झटके। चेन्नई सुपर किंग्स ने पहले ही उन्हें ट्रायल्स के लिए बुलाया था, जिससे उनके चयन के संकेत मिल गए थे। भीमराव अंबेडकर स्टेडियम में कोच गालिब अंसारी से प्रशिक्षण लेने वाले प्रशांत अब आईपीएल के सबसे चर्चित युवा सितारों में शामिल हो चुके हैं।
सबसे महंगे बिके ये खिलाड़ी
कोलकाता नाइट राइडर्स ने इंडियन प्रीमियर लीग के खिलाड़ियों की नीलामी में मंगलवार को ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज हरफनमौला ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन के लिए रिकॉर्ड 25.20 करोड़ रुपये और श्रीलंका के तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना के लिए 18 करोड़ रुपये खर्च किए है।