Who is Priya Saroj: भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह और समाजवादी पार्टी (SP) की सांसद प्रिया सरोज (Priya Saroj) की सगाई को लेकर खबरें तेज़ हो रही हैं। कहा जा रहा है कि दोनों परिवार शादी पर बातचीत कर रहे हैं। हालांकि, प्रिया के पिता तूफानी सरोज (Tufani Saroj) ने इन खबरों को खारिज करते हुए कहा, “सगाई नहीं हुई है। बातचीत चल रही है। प्रिया इस समय किसी काम से तिरुवनंतपुरम में हैं।”
कौन हैं प्रिया सरोज?
प्रिया सरोज का जन्म 1998 में वाराणसी, उत्तर प्रदेश में हुआ था। वे लोकसभा में समाजवादी पार्टी की सांसद हैं। प्रिया ने अपनी स्कूली शिक्षा नई दिल्ली के एयर फ़ोर्स गोल्डन जुबली इंस्टीट्यूट से पूरी की। प्रिया सरोज एक वकील भी हैं और लोकसभा की वेबसाइट के अनुसार, उन्होंने नोएडा की एमिटी यूनिवर्सिटी से एलएलबी की पढ़ाई की है। प्रिया एक सोशल जस्टिस एंड एम्पावरमेंट संबंधी संसदीय समिति की सदस्य भी हैं।
मात्र 26 साल की उम्र में, 2024 के चुनावों में मछलीशहर निर्वाचन क्षेत्र से अपनी सीट जीतने के बाद, प्रिय सरोज सबसे कम उम्र की सांसदों में से एक बन गईं। 2024 के लोकसभा चुनावों में, सरोज ने BJP के मौजूदा सांसद बीपी सरोज को 35,850 मतों से हराया था।
उनके पिता तीन बार सांसद और उत्तर प्रदेश के वर्तमान विधायक तूफानी सरोज की बेटी हैं। तूफानी सरोज जौनपुर में उत्तर प्रदेश की केराकट सीट से विधायक हैं।
प्रिया सरोज की कुल संपत्ति
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा प्रकाशित प्रिया सरोज के चुनावी हलफनामे के मुताबिक, प्रिया की कुल संपत्ति 11,25,719 रुपये है। इसमें प्रिया सरोज के पास 75,000 रुपये नकद, 10,10,000 रुपये यूनियन बैंक में डिपॉजिट और 8,719 रुपये केनरा बैंक में जमा हैं। चुनावी हलफनामे में उल्लेख है कि प्रिया सरोज के पास 5 ग्राम सोना है, जिसकी कीमत 32,000 रुपये है। सांसद के नाम पर कोई कार या घर अभी नहीं है।
कौन हैं Rinku Singh?
Rinku Singh एक भारतीय क्रिकेटर हैं, जो T20 फॉर्मेट में भारत का प्रतिनिधित्व करते हैं। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से आने वाले 27 वर्षीय रिंकू, कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए इंडियन प्रीमियर लीग में खेलते हैं।
बाएं हाथ के बल्लेबाज ने भारत के लिए 30, T20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं, जिसमें 165.14 के स्ट्राइक रेट से 507 रन बनाए हैं। 2023 में रिंकू ने तब सुर्खियां बटोरीं, जब उन्होंने गुजरात टाइटन्स के गेंदबाज यश दयाल को एक ओवर में लगातार पांच छक्के लगाकर KKR के लिए मैच जीताया था।
रिंकू सिंह को इंग्लैंड के खिलाफ 22 जनवरी से शुरू हो रही 5 मैचों की T20 सीरीज के लिए चुना गया है। इंग्लैंड के खिलाफ T20I सीरीज 22 जनवरी को कोलकाता में पहले T20I से शुरू होगी, इसके बाद चेन्नई (25 जनवरी), राजकोट (28 जनवरी), पुणे (31 जनवरी) और मुंबई (2 फरवरी) में मैच खेले जाएंगे।