Ridhima Pathak Rejected BPL: बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर अत्याचार के मामले काफी बढ़ गए हैं। इन घटनाओं के बाद भारत और बांग्लादेश के बीच हालात बेहद संवेदनशील और नाजुक बन गए हैं। इसी बीच बांग्लादेश प्रीमियर लीग (Bangladesh Premier League) के आगामी सीजन को लेकर बड़ा अपडेट आया है। बीपीएल से महिला प्रेजेंटर रिद्धिमा पाठक ने अपना नाम वापस ले लिया है। इसकी जानकारी खुद रिद्धिमा ने सोशल मीडिया पर दी है।
'मेरा देश सबसे पहले आता है'
रिद्धिमा पाठक ने इंस्टाग्राम पर स्टोरी पोस्ट करते हुए बताया कि सच मायने रखता है। पिछले कुछ घंटों से एक कहानी चल रही है कि मुझे बीपीएल से निकाल दिया गया है। यह सच नहीं है। मैंने खुद फैसला लिया है कि आगामी सीजन में मैं हिस्सा नहीं लूंगी। मेरे लिए मेरा देश सबसे पहले आता है।
मैं क्रिकेट के खेल को किसी भी असाइनमेंट से कहीं ज्यादा महत्व देती हूं। मुझे सालों तक ईमानदारी, सम्मान और जुनून के साथ इस खेल की सेवा करने का सौभाग्य मिला है। यह कभी नहीं बदलेगा। मैं ईमानदारी, स्पष्टता और खेल की भावना के लिए हमेशा खड़ा रहूंगी। मुझे समर्थन करने और संपर्क करने वाले सभी लोगों का दिल से धन्यवाद। आपके संदेश मेरे लिए काफी मायने रखते हैं। क्रिकेट सच्चाई का हकदार है। अब मेरी तरफ से कोई और टिप्पणी नहीं।
कौन हैं रिद्धिमा पाठक?
रिद्धिमा पाठक का जन्म 17 फरवरी 1990 को रांची में हुआ था। उन्होंने अपनी स्कूलिंग मुंबई से की है। उस वक्त ही वो डिबेट शो और थिएटर में हिस्सा लेती थीं। साल 2008 में अपना ग्रेजुएशन पूरा किया। उन्हें पहले इंजीनियरिंग की नौकरी मिली, लेकिन बाद में उन्होंने उस नौकरी को छोड़ दिया।उन्होंने अपने करियर की शुरुआत एक रेडियो स्टेशन से की थी। वहां पर वो इंटर्नशिप करती थीं। इसके बाद उन्होंने अपने करियर को आगे बढ़ाया। उन्हें स्पोर्ट्स काफी पसंद है। इसलिए उन्होंने इसे ही अपना करियर बनाया। वो स्टार स्पोर्ट्स, टेन स्पोर्ट्स, सोनी और जियो पर काफी सारे स्पोर्ट्स ईवेंट्स को प्रजेंट कर चुकी हैं। बता दें कि रिद्धिमा विराट कोहली और एमएस धोनी जैसे बड़े सितारों का इंटरव्यू ले चुकी हैं।