
देश-विदेश में बाबा वेंगा अपनी भविष्यवाणियों (Baba Vanga 2025 Predictions) को लेकर चर्चा में हैं। भविष्य में आर्थिक संकट, भूकंप, नई बीमारियां, वैज्ञानिक चमत्कार और यहां तक कि एलियन से संपर्क तक की बात उन्होंने कही थी। कुछ लोग उन्हें 'बाल्कन की नॉस्ट्राडेमस' कहते हैं, तो कुछ अंधविश्वास मानते हैं। लेकिन सच ये है कि उनकी भविष्यवाणियों को नजरअंदाज कर पाना अब मुश्किल होता जा रहा है। वजह ये है कि उन्होंने दशकों पहले जिन बातों की कल्पना की थी, उनमें से कुछ सच साबित हुई हैं।
9/11 आतंकवादी हमला (2001): उन्होंने कहा था कि "स्टील पक्षी अमेरिका के भाइयों पर हमला करेंगे और मासूम खून बहेगा।" इसे 9/11 हमले से जोड़ा जाता है। हालांकि, यह भविष्यवाणी उनके मरने के बाद सामने आई थी और कोई ठोस रिकॉर्ड मौजूद नहीं है।
कुर्स्क पनडुब्बी हादसा (2000): उन्होंने कहा था, "कुर्स्क पानी में डूब जाएगा और पूरा विश्व उस पर रोएगा।" 2000 में रूसी पनडुब्बी डूबने से सभी 118 नौसैनिक मारे गए।
ISIS का उदय (2013-14): उन्होंने कहा था कि एक मुस्लिम युद्ध सीरिया से शुरू होकर यूरोप तक फैलेगा। इसे ISIS के उदय और मध्य-पूर्व के हालात से जोड़ा जाता है।
बराक ओबामा की जीत (2008): वेंगा ने भविष्यवाणी की थी कि अमेरिका का 44वां राष्ट्रपति एक अफ्रीकी-अमेरिकन होगा, जो सच साबित हुआ। लेकिन उन्होंने यह भी कहा था कि वो अमेरिका का आखिरी राष्ट्रपति होगा, जो गलत साबित हुआ।
तीसरा विश्व युद्ध (2010 या 2016): उन्होंने 2010 में एक परमाणु युद्ध शुरू होने की बात कही थी, जो कभी नहीं हुआ।
2016 तक यूरोप वीरान हो जाएगा: उनका कहना था कि 2016 तक यूरोप लगभग खाली हो जाएगा, लेकिन यह नहीं हुआ।
चीन बनेगा दुनिया का अगला सुपरपावर (2018): चीन की ताकत तो बढ़ी, लेकिन अमेरिका अब भी वैश्विक शक्ति बना हुआ है।
एलियन 2130 में धरती पर आएंगे: उन्होंने कहा था कि 2130 में एलियन धरती पर उतरेंगे। ये बात अभी भविष्य में है और प्रमाणित नहीं।
5079 में दुनिया का अंत: यह एक बहुत दूर की भविष्यवाणी है और इसकी सच्चाई पर बहस जारी है।
वैश्विक आर्थिक संकट (2025): बाबा वेंगा ने यूरोप और अमेरिका में मंदी, कर्ज संकट और महंगाई की भविष्यवाणी पहले ही कर दी थी। कई विश्लेषक इसे मौजूदा अस्थिर आर्थिक हालात से जोड़ रहे हैं।
प्राकृतिक आपदाओं में बढ़ोतरी (2025-26): उन्होंने धरती हिलने, जलप्रलय और तेज भूकंपों की बात कही थी। वर्तमान में अगर देखें तो जापान, म्यांमार और दक्षिण एशिया में ऐसी हलचलें दिख रही हैं।
2025 तक 'लगभग खाली यूरोप': वेंगा ने कहा था कि 2025 तक यूरोप में जनसंख्या बहुत कम हो जाएगी। एक्सपर्ट्स इसकी वजहें युद्ध, पलायन, जलवायु संकट या बीमारियों से जोड़ रहे हैं।
वैज्ञानिक क्रांति: लैब में बने मानव अंग (2025): उन्होंने 2025 में मानव अंग लैब में बनने की बात कही थी। MIT और Organovo जैसी कंपनियां 3D प्रिंटिंग से ये प्रयास कर रही हैं।
ऊर्जा क्रांति और शुक्र ग्रह की यात्रा (2028): वेंगा ने 2028 में नई ऊर्जा तकनीक और शुक्र ग्रह की मानवीय यात्रा की बात कही थी। भले ही यह अभी दूर लगे, लेकिन प्राइवेट कंपनियां और ESA ऐसे मिशनों की तैयारी में हैं।
दुनिया से भुखमरी खत्म (2028–29): उनका दावा था कि इस दशक के अंत तक दुनिया से भुखमरी खत्म हो जाएगी। UN और कृषि टेक्नोलॉजी के प्रयास इस दिशा में हैं।
एलियन संपर्क और समुद्री सभ्यता (2030): वेंगा ने कहा था कि 2030 तक इंसान एलियन और समुद्र के नीचे की सभ्यताओं से संपर्क करेगा। फिलहाल यह साइंस फिक्शन जैसा लगता है, लेकिन शोध तेज हो रहे हैं।
AI का वर्चस्व (2029): उन्होंने भविष्यवाणी की थी कि मशीनें सोचने लगेंगी और इंसानों के लिए निर्णय लेंगी। मौजूदा AI सिस्टम, चैटबॉट्स, रोबोटिक्स और ऑटोमेशन की दिशा में तेजी से बढ़ रहा है।
बाबा वेंगा का असली नाम वांगेलिया पांडेवा सूरचेवा था। वो 31 जनवरी 1911 को ओटोमन साम्राज्य के स्ट्रुमिका इलाके में पैदा हुईं। बचपन में ही उन्होंने अपनी मां को खो दिया और उनके पिता को युद्ध में जाना पड़ा। 12 साल की उम्र में एक तूफान के दौरान उन्हें हवा ने उड़ा दिया और कुछ दिन बाद वो एक खेत में आंखों में मिट्टी और चोट के साथ मिलीं। इसके बाद उनकी आंखों की रोशनी चली गई।
नेत्रहीनता के बाद उनके अंदर अलौकिक शक्ति आने की बात कही जाती है। वो भविष्य देखने लगीं, अनजान चीजें बताने लगीं और स्थानीय लोगों की घटनाएं पहले से बता देती थीं। यहीं से शुरू हुआ एक रहस्यमयी सफर, जिसने उन्हें 'बाबा वेंगा' बना दिया।
बाबा वेंगा का निधन 11 अगस्त 1996 को 85 साल की उम्र में ब्रेस्ट कैंसर से हुआ। वो सोफिया, बुल्गारिया में दुनिया को अलविदा कह गईं और रूपीते में दफनाई गईं। उनकी मृत्यु के बाद भी उनके घर को श्रद्धा स्थल की तरह देखा जाता है और दुनियाभर से लोग वहां दर्शन के लिए जाते हैं।
बाबा वेंगा की भविष्यवाणियों को लेकर राय बंटी हुई है। कुछ लोग उन्हें भगवान का वरदान मानते हैं तो कुछ उन्हें अंधविश्वास। कुछ भविष्यवाणियां बिल्कुल सटीक बैठीं, लेकिन कई पूरी तरह गलत भी साबित हुईं।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.