National Youth Day 2026: भारत में हर साल 12 जनवरी को राष्ट्रीय युवा दिवस मनाया जाता है। यह दिन महान दार्शनिक और आध्यात्मिक गुरु स्वामी विवेकानंद की जयंती के रूप में मनाया जाता है। वे भारत के युवाओं के लिए प्रेरणा के बड़े स्रोत माने जाते हैं। भारत सरकार ने वर्ष 1984 में इस दिन को राष्ट्रीय युवा दिवस घोषित किया था, ताकि युवा वर्ग स्वामी विवेकानंद के विचारों से जुड़कर देश निर्माण में सक्रिय भूमिका निभा सके।
जानिए इस दिन का महत्व
स्वामी विवेकानंद का जन्म 12 जनवरी 1863 को कोलकाता में हुआ था। वे रामकृष्ण परमहंस के प्रमुख शिष्य थे। उन्होंने वेदांत और योग जैसी भारतीय दर्शन परंपराओं को पश्चिमी देशों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
इस दिन स्कूलों और कॉलेजों में युवाओं के लिए भाषण, वाद-विवाद और निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती हैं। इसके अलावा युवा सम्मेलन, सेमिनार और कार्यशालाएं भी होती हैं, जिनमें नेतृत्व, चरित्र निर्माण और सामाजिक जिम्मेदारी जैसे विषयों पर चर्चा की जाती है। एनसीसी, एनएसएस और विभिन्न युवा संगठन सामुदायिक सेवा कार्यक्रम भी आयोजित करते हैं।
प्रधानमंत्री मोदी करेंगे युवाओं से संवाद
राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 जनवरी को शाम करीब 4:30 बजे नई दिल्ली के भारत मंडपम में ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2026’ के समापन सत्र में हिस्सा लेंगे। यह जानकारी आधिकारिक सरकारी रिलीज में दी गई है।
प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम में देशभर से आए लगभग 3,000 युवाओं से बातचीत करेंगे। इसमें विदेशों में रहने वाले भारतीय युवाओं के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे।
प्रेस रिलीज के अनुसार, चयनित युवा प्रतिभागी दस अलग-अलग विषयों पर प्रधानमंत्री के सामने अपनी प्रस्तुतियां देंगे और देश से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर युवाओं के विचार और व्यावहारिक सुझाव साझा करेंगे।