Static Electricity: सर्दियों में दूसरों को छूने से आपको भी लगता है करंट? क्या है इसका कारण और कैसे बचें?

Static Electricity: सर्दियों में हवा की नमी कम होने से स्टैटिक चार्ज शरीर और कपड़ों पर ज्यादा जमा हो जाता है। ऐसे में जब हम किसी को या किसी चीज को छूते हैं तो यह चार्ज अचानक डिस्चार्ज होता है, जिससे हल्का झटका महसूस होता है।

Priya Shandilya
अपडेटेड12 Dec 2025, 02:57 PM IST
सर्दियों में दूसरों को छूने से आपको भी लगता है करंट, जानिए ऐसा क्यों होता है
सर्दियों में दूसरों को छूने से आपको भी लगता है करंट, जानिए ऐसा क्यों होता है(Pinterest)

Static Electricity: सर्दियों का मौसम आते ही एक अजीब सा अनुभव हर किसी को होता है। किसी को छूते ही हल्का सा करंट जैसा झटका लग जाता है। कई बार तो दरवाजे की नॉब, कार का दरवाजा या स्वेटर तक छूते ही चिंगारी सी महसूस होती है। अगर आपको भी ये करंट वाला झटका परेशान करता है, तो ये जान लें कि इसके पीछे कोई जादू नहीं बल्कि मजेदार और बिल्कुल लॉजिकल साइंस काम करती है।

स्टैटिक इलेक्ट्रिसिटी क्या होती है और कैसे बनती है?

दरअसल, इस करंट जैसे झटके का कारण है स्टैटिक इलेक्ट्रिसिटी। स्टैटिक इलेक्ट्रिसिटी तब बनती है जब किसी सतह पर इलेक्ट्रिक चार्ज का संतुलन बिगड़ जाता है। दो चीजें जब आपस में रगड़ खाती हैं और फिर अलग होती हैं, तो इलेक्ट्रॉन्स एक से दूसरे में ट्रांसफर हो जाते हैं। इससे एक चीज पॉजिटिव और दूसरी नेगेटिव चार्ज हो जाती है। आम दिनों में ये चार्ज हवा की नमी से जल्दी बैलेंस हो जाता है, लेकिन सर्दियों में कहानी बदल जाती है।

सर्दियों में ही ये झटके ज्यादा क्यों लगते हैं?

सर्दियों की हवा बाकी मौसमों की तुलना में काफी सूखी होती है। हवा में नमी कम रहने से चार्ज को बैलेंस करने का रास्ता नहीं मिलता, और यह आपके शरीर या कपड़ों पर जमा होता रहता है। ऊपर से, सर्दियों में हम आमतौर पर पॉलीस्टर, ऊन और सिंथेटिक फैब्रिक पहनते हैं। ये कपड़े रगड़ के कारण स्टैटिक चार्ज और ज्यादा पैदा करते हैं।

हीटर चलने से घर की हवा भी और सूख जाती है, जिससे चार्ज और तेजी से जमा होता है। यही वजह है कि सर्दियों में एक-दूसरे को छूते ही हल्का झटका लग जाता है, जिसे लोग मजाक में "विंटर जैप" भी कहते हैं।

करंट जैसा महसूस क्यों होता है?

जब आपके कपड़े, जूते या शरीर किसी सतह से रगड़ खाते हैं तो इलेक्ट्रॉन्स जमा होते रहते हैं। जैसे ही आप किसी दूसरी चीज या इंसान को छूते हैं तो ये जमा हुआ चार्ज अचानक से डिस्चार्ज होता है। इलेक्ट्रॉन्स का ये तेज फ्लो एक छोटी-सी चिंगारी बनाता है, यही वह झटका है जिसे आप करंट समझ लेते हैं।

बार-बार लगने वाले इन झटकों से कैसे बचें?

स्टैटिक झटका पूरी तरह रोकना मुश्किल है, लेकिन इसे काफी हद तक कम किया जा सकता है। घर में ह्यूमिडिफायर का इस्तेमाल करें ताकि हवा में नमी बनी रहे। 30–50% ह्यूमिडिटी सही रहती है। सिंथेटिक कपड़ों की बजाय सूती (cotton) जैसे प्राकृतिक फाइबर से बने कपड़े पहनने से चार्ज जमा होने का खतरा कम हो जाता है। एंटी-स्टैटिक स्प्रे या ड्रायर शीट्स का उपयोग कपड़ों और सतहों पर स्टैटिक को कम करने में असरदार होता है। त्वचा को मॉइश्चराइज्ड रखें और खूब पानी पिएं। सूखी त्वचा पर चार्ज ज्यादा बनता है।

इन उपायों को अपनाकर आप सर्दियों के इन अचानक झटकों को काफी हद तक कम कर सकते हैं।

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़ट्रेंड्सStatic Electricity: सर्दियों में दूसरों को छूने से आपको भी लगता है करंट? क्या है इसका कारण और कैसे बचें?
More
बिजनेस न्यूज़ट्रेंड्सStatic Electricity: सर्दियों में दूसरों को छूने से आपको भी लगता है करंट? क्या है इसका कारण और कैसे बचें?
OPEN IN APP