सर्दियों में क्यों बढ़ जाते हैं कार ब्रेकडाउन और बीमा दावे? अपनी ICE या EV गाड़ी को सुरक्षित रखने के जरूरी टिप्स

दिसंबर-जनवरी की ठंड गाड़ियों के लिए चुनौतीपूर्ण होती है। बैटरी फेलियर से लेकर EV की रेंज कम होने तक, जानें कैसे सही मेंटेनेंस और बीमा के जरिए आप भारी नुकसान से बच सकते हैं।

Rishabh Shukla
अपडेटेड22 Dec 2025, 05:23 PM IST
प्रतीकात्मक तस्वीर
प्रतीकात्मक तस्वीर

ठिठुरती ठंड सिर्फ इंसानों के लिए ही नहीं, बल्कि आपकी कार के लिए भी काफी भारी पड़ती है। हर साल दिसंबर और जनवरी के महीनों में पूरे देश में गाड़ियों के ब्रेकडाउन और इंश्योरेंस क्लेम के मामलों में भारी बढ़ोतरी देखी जाती है। चाहे आपकी कार पेट्रोल-डीजल (ICE) वाली हो या इलेक्ट्रिक (EV), मौसम का बदलता मिजाज दोनों की परफॉर्मेंस पर असर डालता है। बजाज कैपिटल के जॉइंट चेयरमैन और एमडी संजीव बजाज का कहना है कि सर्दियों में सुरक्षित सफर के लिए गाड़ी की मौसमी जांच और सही इंश्योरेंस पॉलिसी होना बहुत जरूरी है।

ठंड में पेट्रोल और डीजल कारों की मुश्किलें

सर्दियों का तापमान गाड़ियों की बैटरी के अंदर होने वाली केमिकल रिएक्शन को धीमा कर देता है। इसकी वजह से बैटरी अचानक काम करना बंद कर सकती है। इसके अलावा, ठंड में इंजन ऑयल गाढ़ा हो जाता है, जिससे गाड़ी स्टार्ट करने में दिक्कत आती है और इंजन पर दबाव बढ़ता है। इतना ही नहीं, हवा के सिकुड़ने से टायरों का प्रेशर कम हो जाता है, जिससे सड़क पर गाड़ी का प्रतिरोध बढ़ता है और टायर खराब होने का डर रहता है। कोहरे की वजह से विजिबिलिटी कम होना भी दुर्घटनाओं का एक बड़ा कारण बनता है।

इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) पर ठंड का असर

इलेक्ट्रिक गाड़ियों के लिए सर्दी और भी चुनौतीपूर्ण होती है। ठंड के कारण EVs की क्षमता घट जाती है, जिससे उनकी ड्राइविंग रेंज काफी कम हो जाती है। उदाहरण के तौर पर, जो EV अक्टूबर में 350 किमी की रेंज दे रही थी, वह जनवरी में घटकर 280 किमी तक आ सकती है। ईवी में केबिन को गर्म रखने के लिए हीटिंग सिस्टम सीधे बैटरी से पावर लेता है, जिससे चार्ज जल्दी खत्म होता है। साथ ही, कड़ाके की ठंड में बैटरी चार्ज होने में भी सामान्य से ज्यादा समय लेती है।

इंश्योरेंस क्लेम क्यों हो सकते हैं रिजेक्ट?

गाड़ी की देखरेख में लापरवाही आपके बीमा दावे को खतरे में डाल सकती है। अगर खराब बैटरी या घिसे हुए टायरों की वजह से ब्रेकडाउन होता है, तो बीमा कंपनियां इसे लापरवाही मानकर क्लेम खारिज कर सकती हैं। खासकर EV मालिकों को ध्यान रखना चाहिए कि उनके महंगे बैटरी पैक के लिए पर्याप्त कवरेज और जरूरी 'एड-ऑन' (Add-ons) मौजूद हों, ताकि नुकसान की स्थिति में जेब पर बोझ न पड़े।

सुरक्षित सफर के लिए अपनाएं ये तरीके

ICE कारों के मालिकों को दिसंबर से पहले बैटरी की जांच करा लेनी चाहिए, खासकर उत्तर भारत जैसे अधिक ठंडे इलाकों में। गाड़ी चलाने से पहले इंजन को थोड़ा गर्म होने दें और फॉग लैंप व डिफॉगर की वर्किंग चेक करें। वहीं, EV चलाने वालों को कम रेंज को ध्यान में रखकर अपनी यात्रा प्लान करनी चाहिए। विशेषज्ञों की सलाह है कि लंबी ड्राइव के तुरंत बाद बैटरी चार्ज न करें। इसके अलावा, रोडसाइड असिस्टेंस जैसी सेवाएं सर्दियों में काफी मददगार साबित होती हैं, जो बैटरी फेल होने या चार्ज खत्म होने पर आपको बीच रास्ते में फंसने से बचाती हैं।

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़ट्रेंड्ससर्दियों में क्यों बढ़ जाते हैं कार ब्रेकडाउन और बीमा दावे? अपनी ICE या EV गाड़ी को सुरक्षित रखने के जरूरी टिप्स
More
बिजनेस न्यूज़ट्रेंड्ससर्दियों में क्यों बढ़ जाते हैं कार ब्रेकडाउन और बीमा दावे? अपनी ICE या EV गाड़ी को सुरक्षित रखने के जरूरी टिप्स