Bizarre news: इतनी भी गरीबी हो सकती है कि मिट्टी खानी पड़े! हां, इतनी गरीबी है। आज भी। इतनी गरीबी कि लोगों को रोटी भी मयस्सर नहीं। ये लोग विशेष प्रकार की चिकनी मिट्टी का पापड़ बनाते हैं और वही खाते हैं। इंसान हैं वो भी। इंसान हैं हम भी। हमारे यहां अजीब चलन जोर पकड़ रहा है। मेहमान प्लेट चट कर जाएं तो कानाफूसी होने लगती है- कितना भुक्कड़ है, दाना-दाना साफ कर दिया। लेकिन इसी दुनिया में वो लोग भी हैं जो मिट्टी का पापड़ खाने को मजबूर हैं।
चरम महंगाई से जनता बेहाल
कैरेबियन सागर में स्थित एक देश है। नाम है- हैती। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) की वेबसाइट बताती है कि हैती में करीब 1.28 करोड़ आबादी है। अर्थव्यवस्था बदहाल है। आईएमएफ को 2026 में हैती की जीडीपी बढ़ने के बजाय 1.7 प्रतिशत घटने का अनुमान है। खुदरा महंगाई 21.5 प्रतिशत पर है। इसी चरम महंगाई ने लोगों को मिट्टी खाने पर मजबूर किया हुआ है।
मिट्टी के पापड़ का वीडियो वायरल
इंस्टाग्राम यूजर अपर्णा चौधरी ने हैती के लोगों को मिट्टी के पापड़ बनाते और खाते वीडियो पोस्ट किया है। उन्होंने इस वीडियो के साथ यह संदेश भी दिया है कि हमें कम-से-कम इस गरीबी और मजबूरी को देखकर तो सीखनी ही चाहिए कि खाना बर्बाद करना कितना बड़ा गुनाह है। उनके इस वीडियो को 15 लाख लोगों ने पसंद किया है जबकि 11 हजार से अधिक लोगों ने कॉमेंट किया है। 87 हजार से अधिक लोगों ने चरम गरीबी को दर्शाते इस वीडियो को रीशेयर भी किया है।
हैती की एक खास प्रजाति की है ये दास्तां
ऐसा नहीं है कि हैती में सभी लोग मिट्टी के पापड़ ही खा रहे हैं। यहां की सबसे गरीब आबादी सीते सोले (Cite Soleil) एक प्रजाति के लोगों की है। देश के पश्चिमी प्रांत पोर्ट-आउ-प्रिंस (Port-au-Prince) में निवास करते हैं। इलाका इतना पिछड़ा है कि यहां इन्फ्रास्ट्रक्चर नाम की कोई चीज नहीं। खुली नालियों के पास घनी बसावट के कारण तरह-तरह की बीमारियां होती हैं। जब भोजन के लाले पड़े तो रोग प्रतिरोधक क्षमता विकसित हो तो, कैसे?
मिट्टी में नमक-तेल मिलाकर बनते हैं पापड़
अत्यंत गरीबी में जी रहे हैती के ये लोग पहाड़ी मिट्टी में ही नमक-तेल मिला देते हैं। वो खास तरह की चिकनी मिट्टी में पानी और नमक मिलाकर लेप तैयार करते हैं। इसी लेप को रोटियों जैसे गोल आकार देकर कड़ी धूप में सुखा लेते हैं। कुछ घंटों तक धूप में सूखने के बाद यह पापड़ जितना पतला तो नहीं, लेकिन उसी जैसा बन जाता है।