Mumbai Indians vs Royal Challengers Scorecard: महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2026 का आगाज धमाकेदार अंदाज में हुआ। मुंबई इंडियंस ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (RCB) के खिलाफ पहले मैच में सजीवन सजना की ताबड़तोड़ पारी और निकोला कैरी के साथ उनकी अहम साझेदारी के दम पर बड़ा स्कोर खड़ा किया। शुरुआती झटकों से उबरते हुए मुंबई ने 20 ओवर में 154 रन बनाए, जबकि आरसीबी की ओर से नाडिन डि क्लर्क ने शानदार गेंदबाजी कर चार विकेट झटके।
सजीवन सजना ने जड़ दिए 7 चौके
सजीवन सजना ने सात चौके और एक छक्का जड़ने के अलावा पांचवें विकेट के लिए निकोला कैरी (40 रन) के साथ 49 गेंद में 82 रन की ताबड़तोड़ साझेदारी कर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। कैरी ने 29 गेंद की पारी में चार चौके जड़े।ये साझेदारी ऐसे समय आई जब पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर मुंबई की टीम लगातार अंतराल पर विकेट गंवा रही थी और 11वें ओवर में टीम का स्कोर चार विकेट पर महज 67 रन था। मैच में गुनालन कमलिनी ने 28 गेंदों में 32 रन बनाए, जबकि मुंबई और भारत की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 20 रनों का योगदान दिया।
नाडिन ने झटके 4 विकेट
आरसीबी की ओर से नाडिन डि क्लर्क ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 26 रन देकर चार विकेट झटके और सबसे सफल गेंदबाज रहीं। लॉरेन बेल और श्रेयंका पाटिल को एक-एक विकेट मिला।
डब्लयूपीएल 2026 की शुरुआत लॉरेन बेल के मेडन ओवर से हुई, जिसमें मुंबई की सलामी बल्लेबाज अमेलिया केर खाता नहीं खोल सकीं। कमलिनी ने हालांकि दूसरे ओवर में लिंडसे स्मिथ की गेंदों पर दो चौके जड़ते हुए 10 रन बटोरकर पहले ओवर की भरपाई की।केर संघर्ष करती नजर आईं और 11वीं गेंद पर अपना खाता खोल सकीं। पांचवें ओवर में बेल की गेंद पर ही उनकी धीमी पारी का अंत हुआ।
बल्लेबाजी के लिए आयी नैट सिवर-ब्रंट (चार) भी ज्यादा देर टिक नहीं सकीं और सातवें ओवर में नाडिन डि क्लर्क की गेंद पर आउट हो गईं। उस समय मुंबई का स्कोर दो विकेट पर 35 रन था।
कमलिनी 10वें ओवर में श्रेयंका की गेंद को स्टंप्स पर खेल बैठी। अगले ओवर में डि क्लर्क ने हरमनप्रीत को चलता कर मुंबई को चौथा झटका दिया। वह कवर ड्राइव खेलने के प्रयास में विकेटकीपर ऋचा घोष को कैच दे बैठी।सजना ने इसके बाद आक्रामक बल्लेबाजी कर टीम को 19 ओवर में 149 रन तक पहुंचा दिया। वो और कैरी दोनों 20 ओवर में डि क्लार्क की गेंद पर आउट हुई।