
Delhi Yamuna Cleaning: दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता डॉ. नरेश कुमार ने यमुना की सफाई के मुद्दे पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और भारतीय जनता पार्टी के नेताओं पर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया है।
डॉ. नरेश कुमार ने रविवार को संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि श्रीमती गुप्ता और भाजपा नेता यमुना की सफाई को लेकर जनता को गुमराह कर रहे हैं। ये लोग झूठ फैला रहे हैं कि यमुना का पानी अब साफ हो गया है और पीने लायक है। यह सफेद झूठ है जिससे लोगों को भ्रमित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि वह आज कालिंदी कुंज यमुना घाट पर गये जहां पानी अब भी ज़हरीला है। घाट पर पहले की तरह झाग मौजूद है। उन्होंने कहा कि मैंने मौके पर बोतल में यमुना का दूषित पानी भरा और वहाँ दिल्ली जल बोर्ड की प्रयोगशाला में इसकी जांच करने की मांग की, लेकिन अधिकारियों ने जांच से इनकार कर दिया।
उन्होंने बताया कि जब उन्होंने जल बोर्ड के अधिकारियों से पूछा कि क्या यह पानी पीने लायक है, तो अधिकारियों ने सिर हिलाकर नहीं में जवाब दिया। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार और मुख्यमंत्री ने यमुना की सफाई का जो वादा किया था, वह अब तक पूरा नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार चाहे वादा पूरा करे या न करे, लेकिन कम से कम दिल्ली की जनता को गुमराह न करे और ज़हरीला पानी पिलाकर उनकी सेहत से खिलवाड़ न करे।
डॉ. नरेश कुमार ने कहा कि दिल्ली में मौजूदा सरकार को 250 दिन पूरे हो चुके हैं, लेकिन अब तक उसने ढाई काम भी नहीं किए। सरकार सिर्फ़ यमुना आरती उतारने और प्रचार करने में लगी है। पहले ये लोग पुरानी सरकारों को कोसते थे कि यमुना में झाग उठ रहे हैं और केमिकल डाला जा रहा है, लेकिन आज वही सब दोहराया जा रहा है। बदला कुछ नहीं, बस चेहरे बदल गए हैं। पहले भी प्रचार की सरकार थी, अब भी प्रचार की ही सरकार है।
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.