Year Ender 2025: साल 2025 खत्म होने के कगार पर पहुंच रहा है। गूगल ने अपनी सालाना 'ईयर इन सर्च' रिपोर्ट जारी कर दी है। इसमें पता चला कि इस साल भारत में लोग सबसे ज्यादा क्या-क्या सर्च करते रहे। फिल्में, क्रिकेट, खबरें तो थीं ही, लेकिन एक चीनी नंबर ने सबको हैरान कर दिया। वो नंबर 5201314 है। ये नंबर ‘meaning’ कैटेगरी में टॉप सर्च में शामिल रहा और लोगों की जिज्ञासा का बड़ा कारण बना। भारत में बड़ी संख्या में लोग इस नंबर को सर्च करते रहे।
गूगल सर्च की मीनिंग कैटेगरी में इस नंबर को पांचवा स्थान मिला है। पहली नजर में 5201314 सिर्फ अंकों का एक सामान्य कॉम्बिनेशन लगता है, लेकिन असल में इसके पीछे एक खास और रोमांटिक मतलब छिपा है। इसके अलावा गूगल पर भारतीय यूजर्स ने फिल्में और क्रिकेट से जुड़े शब्दों को सबसे ज्यादा सर्च किए हैं। आखिर, गूगल पर सर्च होने वाले इस चीनी नंबर '5201314' का क्या मतलब है, आइए जानते हैं...
5201314 का मतलब क्या है?
यह कोई आम नंबर नहीं है। चीनी भाषा में कुछ नंबरों का उच्चारण शब्दों जैसा सुनाई देता है। इसी वजह से नंबरों से भावनाएं जताने का चलन वहां काफी पॉपुलर है। चीनी भाषा में 5201314 का मतलब 'मैं तुमसे जिंदगी भर प्यार करूंगा' है। 520 को चीनी में 'वू अर लिंग' बोलते हैं जो 'वो आई नी' यानी 'आई लव यू' जैसा सुनाई देता है। वहीं 1314 को 'यी सान यी सी' बोलते हैं जो 'यी शेंग यी शी', जिसका मतलब 'पूरी जिंदगी' है।
इसलिए 5201314 का पूरा मतलब होता है – मैं तुमसे हमेशा-हमेशा प्यार करूंगा। सोशल मीडिया पर लोग इसे प्यार जताने के लिए इस्तेमाल करते हैं। कई लोग तो अपनी वेबसाइट का नाम भी 5201314 रखते हैं। इस नंबर के अलावा भारतीयों ने 2025 में गूगल पर कई और भी शब्दों के मतलब सर्च किए हैं।
इन शब्दों की मीनिंग भी हुई सर्च
इन शब्दों में Ceasefire meaning, Mock Drill meaning, Pookie meaning, Mayday meaning, 5201314 meaning , Stampede meaning, Ee Sala Cup Namde meaning, Nonce meaning, Latent meaning और Incel meaning आदि शामिल हैं। गूगल पर मीनिंग कैटेगरी में सबसे ज्यादा इन शब्दों को भारत में सर्च किया गया है।
दुनिया की सबसे बड़ी सर्च इंजन कंपनी ने अपने सर्च में एआई फीचर को इंबेड किया है। यूजर्स को इस साल गूगल पर कुछ भी सर्च करने पर एआई ओवरव्यू मिल जाता है, जो सर्च किए गए शब्द के बारे में संक्षित्पत जानकारी देता है। अगर, आप इसे डिटेल्ड में देखना चाहते हैं तो वो भी ऑप्शन आपको इसमें मिलता है।