मैं कार्यकर्ता, आप मेरे... पीएम मोदी ने नए बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन को कहा 'बॉस'

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 45 वर्षीय नितिन नवीन को भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि पार्टी से संबंधित मामलों में यह युवा नेता अब उनका बॉस होंगे।

Naveen Kumar Pandey
अपडेटेड20 Jan 2026, 04:41 PM IST
नतिन नवीन ने संभाला बीजेपी अध्यक्ष का पदभार।
नतिन नवीन ने संभाला बीजेपी अध्यक्ष का पदभार।(X handle @AmitShah)

45 वर्ष की भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को 45 वर्ष का ही मुखिया मिल गया। नितिन नवीन ने मंगलवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पदभार संभाल लिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इतने बड़े पद का दायित्व संभालने के लिए बधाई देते हुए एक बड़ी बात कही। उन्होंने कहा कि आज से नितिन नवीन उनके बॉस हैं। केंद्र सरकार ने बीजेपी अध्यक्ष बनते ही नितिन नवीन को वीआईपी सुरक्षा दे दी है।

पीएम मोदी ने नितिन नवीन से कहा- आज से आप मेरे बॉस

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मोदी ने नितिन नवीन को एक मिलेनियल बताया, जो उस पीढ़ी से ताल्लुक रखते हैं जिसने भारत में बहुत सारे बदलाव देखे हैं। नवीन को संगठन पर्व के समापन पर पार्टी मुख्यालय में भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किया गया, जिसमें बूथ स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के पार्टी के विभिन्न पदों के लिए चुनाव हुए। मोदी ने कहा, 'जब बात पार्टी के विषयों की आती है, तब माननीय नितिन नवीन जी, मैं एक कार्यकर्ता हूं और आप मेरे बॉस हैं।'

नवीन ही रखेंगे गठबंधन दलों से भी तालमेल

प्रधानमंत्री ने स्पष्ट कर दिया कि नितिन नवीन पर ही राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के साथी दलों से भी समन्वय बनाए रखने का भी दायित्व होगा। मोदी ने कहा, 'अब माननीय नितिन नवीन जी हम सभी के अध्यक्ष हैं और उनका दायित्व सिर्फ भाजपा को संभालना ही नहीं है बल्कि राजग के सभी साथियों के बीच तालमेल का दायित्व भी उन्हें संभालना है।' प्रधानमंत्री ने कहा कि नवीन उस युग से ताल्लुक रखते हैं जिसमें लोग बचपन में रेडियो पर खबरें सुनते थे और अब कृत्रिम मेधा (एआई) का उपयोग करने में माहिर हैं। मोदी ने कहा, 'नितिन जी में युवा ऊर्जा और भरपूर अनुभव दोनों हैं।'

जब बात पार्टी के विषयों की आती है, तब माननीय नितिन नवीन जी, मैं एक कार्यकर्ता हूं और आप मेरे बॉस हैं।- नरेंद्र मोदी, प्रधानमंत्री

पीएम मोदी ने याद दिलाईं बीजेपी अध्यक्षों की उपलब्धियां

उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी, लाल कृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी के नेतृत्व में भाजपा ने शून्य से शिखर तक का सफर तय किया है। मोदी ने कहा, 'इस सदी में एम वेंकैया नायडू और नितिन गडकरी जैसे नेताओं के साथ-साथ हमारे कई वरिष्ठ सहयोगियों ने संगठन का विस्तार किया। राजनाथ जी के नेतृत्व में पहली बार भाजपा ने अपने दम पर पूर्ण बहुमत हासिल किया।' उन्होंने कहा, ‘फिर अमित शाह के नेतृत्व में भाजपा ने कई राज्यों में सरकारें बनाईं और केंद्र में लगातार दूसरी बार सत्ता में आई। जेपी नड्डा के नेतृत्व में भाजपा पंचायत से लेकर संसद तक हर स्तर पर मजबूत हुई।’

नितिन नवीन को मिली सीआरपीएफ सिक्यॉरिटी

नितिन नवीन को अब शीर्ष श्रेणी की वीआईपी सुरक्षा प्रदान मिल गई है। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) नवीन को जेड-श्रेणी की सुरक्षा मुहैया कराएगा। अधिकारियों ने बताया कि कुछ सप्ताह पहले केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सीआरपीएफ को नितिन नवीन की सुरक्षा संभालने के निर्देश दिए थे। उन्होंने बताया कि नितिन नवीन के देशभर के दौरों के दौरान सशस्त्र सीआरपीएफ कमांडो उनके साथ रहेंगे।

जेपी नड्डा को भी मिली थी ऐसी ही सुरक्षा

नवीन के पूर्ववर्ती जेपी नड्डा को भी सरकार की ओर से इसी तरह की सुरक्षा दी गई थी, जिसकी व्यवस्था सीआरपीएफ के वीआईपी सुरक्षा शाखा करती थी। केंद्रीय सुरक्षा सूची के तहत वीआईपी सुरक्षा कवर की श्रेणियां- सर्वोच्च जेड-प्लस (एएसएल) से लेकर जेड-प्लस, जेड, वाई, वाई-प्लस और एक्स श्रेणी तक होती हैं। सीआरपीएफ केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, गांधी परिवार और कई अन्य नेताओं तथा विशिष्ट व्यक्तियों को सुरक्षा प्रदान करता है। वर्तमान में सीआरपीएफ लगभग 200 वीआईपी की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रहा है।

भाजपा को मिला सबसे युवा अध्यक्ष

45 वर्षीय नितिन नवीन को मंगलवार को औपचारिक रूप से भाजपा अध्यक्ष घोषित किया गया। नितिन नवीन पांच बार बिहार विधानसभा के सदस्य रह चुके हैं और भाजपा का शीर्ष पद संभालने वाले पार्टी के अब तक के सबसे युवा नेता हैं। उनका चयन ऐसे समय हुआ है जब पार्टी आगामी प्रमुख राज्य विधानसभा चुनावों को देखते हुए अपने संगठनात्मक आधार को और विस्तार देने की रणनीति पर काम कर रही है।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़ट्रेंड्समैं कार्यकर्ता, आप मेरे... पीएम मोदी ने नए बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन को कहा 'बॉस'
More
बिजनेस न्यूज़ट्रेंड्समैं कार्यकर्ता, आप मेरे... पीएम मोदी ने नए बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन को कहा 'बॉस'