YouTube Trending Feature: अगर आप यूट्यूब पर कंटेंट बनाते हैं, तो ये खबर आपके लिए काफी काम की है। दरअसल यूट्यूब अपने 10 साल पुराने एक फीचर को बंद करने जा रहा है। ये फीचर यूट्यूब के कंटेंट क्रिएटर्स के लिए काफी यूजफुल था। ऐसे में यूट्यूब के इस फैसले से कंटेंट क्रिएटर्स थोड़े मायूस जरूर हो गए हैं।
कौन सा फीचर बंद करने जा रहा यूट्यूब
अगर आप यूट्यूब पर कंटेंट बनाते होंगे, तो अपना कंटेंट पोस्ट करने से पहले ट्रेंडिंग पेज पर जरूर जाते होंगे और देखते होंगे कि आज क्या ट्रेंड कर रहा है। बस अब 15 जुलाई के बाद से आप ऐसा नहीं कर पाएंगे। YouTube ने अपने लोकप्रिय Trending Page को बंद करने का फैसला लिया है, जिससे हजारों कंटेंट क्रिएटर्स की कमाई और व्यूअरशिप पर असर पड़ सकता है।
Trending Page कैसे करता था कंटेंट क्रिएटर्स की मदद?
YouTube का Trending Page यूट्यूबर्स के लिए एक ऐसा टूल था जिससे उन्हें यह पता चलता था कि कौन-से वीडियो सबसे ज़्यादा देखे जा रहे हैं और किस विषय पर लोग रुचि ले रहे हैं, जिससे वे उसी ट्रेंड पर वीडियो बनाकर ज़्यादा व्यूज़ और कमाई कर सकते थे। ये फीचर खासकर नए क्रिएटर्स को पहचान दिलाने में मदद करता था क्योंकि अगर उनका वीडियो ट्रेंडिंग में आ जाता, तो उन्हें तुरंत दर्शक और सब्सक्राइबर मिलते थे। अब जब यह फीचर बंद हो रहा है, तो क्रिएटर्स को ट्रेंडिंग टॉपिक्स पकड़ने के लिए Google Trends, Shorts और सोशल मीडिया जैसे दूसरे साधनों का सहारा लेना पड़ेगा।
अब कहां ट्रेंड देखेंगे यूजर्स?
YouTube के Trending Page के बंद होने के बाद अब कंपनी इसकी जगह कैटेगरी-स्पेसिफिक Trending Charts लेकर आ रही है, जिसमें यूज़र्स को म्यूज़िक वीडियो, वीकली टॉप पॉडकास्ट और ट्रेंडिंग मूवी ट्रेलर जैसे कंटेंट देखने को मिलेंगे। ये चार्ट्स समय-समय पर अपडेट होंगे और बाद में इनमें और भी कैटेगरी जोड़ी जा सकती हैं। इसके साथ ही, YouTube यूज़र्स को पर्सनलाइज्ड वीडियो सुझाव देता रहेगा।
यूट्यूबर्स की कमाई पर पड़ेगा असर
YouTube के Trending Page के बंद होने से क्रिएटर्स की कमाई पर असर पड़ सकता है। ये फीचर उन्हें समझने में मदद करता था कि कौन-से टॉपिक्स को लोग ज्यादा पसंद कर रहे हैं, जिससे वे उसी विषय पर वीडियो बनाकर ज़्यादा व्यूज़ और ऐड रेवेन्यू हासिल कर सकते थे। अब इस पेज के हटने से ट्रेंडिंग टॉपिक्स की पहचान करना मुश्किल होगा, जिससे वायरल होने की संभावना कम हो सकती है और कमाई पर सीधा असर पड़ सकता है। हालांकि YouTube अब Trending Charts जैसी नई सुविधा देने जा रहा है, लेकिन वह उतनी डायनामिक नहीं होगी जितनी पुरानी थी।