
Youtube Outage: दुनिया का सबसे बड़ा वीडियो प्लेटफॉर्म YouTube 17 फरवरी की रात से 18 फरवरी की सुबह तक बड़े पैमाने पर ठप हो गया। लाखों यूजर्स ने शिकायत की कि वीडियो लोड नहीं हो रहे, ऐप और वेबसाइट दोनों काम नहीं कर रहे। भारत, अमेरिका और ब्रिटेन समेत कई देशों में यह समस्या देखी गई।
सिर्फ अमेरिका में ही 3,20,000 से ज्यादा यूजर्स ने DownDetector पर समस्या की शिकायत दर्ज की। वहीं भारत में सुबह करीब 6:30 बजे से 7:00 बजे (IST) के बीच शिकायतों में तेज बढ़ोतरी देखी गई। इसी दौरान दुनिया भर में 2,40,000 से ज्यादा शिकायतों का बड़ा उछाल दर्ज हुआ। इससे साफ है कि दिक्कत किसी एक देश तक सीमित नहीं थी, बल्कि वैश्विक स्तर पर असर देखा गया।
DownDetector के आंकड़ों के अनुसार, करीब 56% यूजर्स को ऐप इस्तेमाल करने में परेशानी हुई। 17% लोग वेबसाइट एक्सेस नहीं कर पा रहे थे और लगभग 15% यूजर्स लॉग-इन ही नहीं कर सके। कई लोगों ने वीडियो प्लेबैक फेल होने, अकाउंट एक्सेस में दिक्कत और यूट्यूब टीवी पर स्ट्रीमिंग रुकने की शिकायत की।
हालांकि कंपनी की तरफ से कोई आधिकारिक तकनीकी वजह नहीं बताई गई, लेकिन शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक समस्या सर्वर साइड से जुड़ी लग रही थी। माना जा रहा है कि यह दिक्कत यूट्यूब के ऑथेंटिकेशन सिस्टम या उन बैकएंड सेवाओं से जुड़ी हो सकती है, जो गूगल अकाउंट को यूट्यूब प्रोफाइल से जोड़ती हैं। क्योंकि समस्या वैश्विक और बड़े स्तर की थी, इसलिए यूजर्स द्वारा ऐप दोबारा इंस्टॉल करना या कैश क्लियर करना जैसे सामान्य उपाय काम नहीं आ रहे थे।
जैसे ही यूट्यूब ठप हुआ, यूजर्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी नाराजगी और मजेदार टिप्पणियां पोस्ट करनी शुरू कर दीं। एक यूजर ने लिखा कि “यूट्यूब दुनिया भर में डाउन है, उम्मीद है जल्द ठीक हो जाएगा।” वहीं दूसरे यूजर ने मजाक में लिखा कि “जब यूट्यूब बंद होता है, तो सब ट्विटर पर जांच शुरू कर देते हैं।”
बुधवार को कुछ समय तक ठप रहने के बाद यूट्यूब दोबारा ठीक हो गया है। कंपनी ने बताया कि उसकी टीम ने तकनीकी समस्या को ठीक कर दिया है और इस दौरान धैर्य रखने के लिए यूजर्स का धन्यवाद भी किया। एक्स पर दिए गए अपडेट में यूट्यूब ने लिखा, “और हम वापस आ गए हैं!! यूट्यूब पर आई समस्या अब ठीक कर दी गई है। सभी रिपोर्ट्स के लिए धन्यवाद और हमारे साथ बने रहने के लिए शुक्रिया।”
यूट्यूब आम तौर पर बेहद भरोसेमंद प्लेटफॉर्म माना जाता है। 2005 में लॉन्च के बाद से इस स्तर की वैश्विक गड़बड़ियां बेहद कम देखने को मिली हैं।
अधिकांश मामलों में ऐसी गड़बड़ियां 30 मिनट से 2 घंटे के बीच ही ठीक हो जाती हैं। गूगल के पास विशाल डेटा सेंटर्स और ऑटोमैटिक बैकअप सिस्टम हैं, जो सर्विस को जल्दी बहाल करने में मदद करते हैं।
डेटा रिपोर्टल, ग्लोबल मीडिया इनसाइट्स के अनुसार 2025-2026 तक यूट्यूब के करीब 2.7 से 2.85 अरब मासिक सक्रिय यूजर्स हैं। रोजाना लगभग 12 से 21 करोड़ लोग लॉग-इन करते हैं। ऐसे में थोड़ी सी तकनीकी दिक्कत भी करोड़ों लोगों को प्रभावित कर सकती है।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.